झांसी। महानगर में इलेक्ट्रिक बस सेवा का संचालन 28 दिसंबर से शुरू होगा। शुरूआत में 14 बसें चार अलग- अलग रूटों पर चलाईं जाएंगी। एक बस को रिजर्व में रखा जाएगा। परिवहन निगम ने बसों के संचालन को लेकर अपनी तैयारी पूरी कर ली है।
परिवहन विभाग को 25 बसें संचालन के लिए मिलनी हैं, जिसमें 15 बसें अब तक आ चुकी हैं। शुरूआत में चौदह बसों का संचालन होगा। कोछाभांवर के निकट बनाए गए चार्जिंग डिपो में पांच व बाकी बसें पैरामेडिकल कॉलेज परिसर में खड़ी की गईं हैं। उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम ने बसों को संचालन को लेकर तैयारी पूरी कर ली है। इस संबंध में क्षेत्रीय प्रबंधक संदीप अग्रवाल ने बताया कि 28 दिसंबर की सुबह 11 बजे कोछाभांवर में बनाए गए चार्जिंग बस डिपो से इलेक्ट्रिक बसों का संचालन शुरू होगा। बसों के पंजीकरण का काम हो गया है। अतिथियों को आमंत्रण भेज दिया गया है। शुरूआत में चारों रूटों पर बसें चलाईं जाएंगी।
इन रूटों पर चलेंगी बसें
- बबीना से झांसी होकर चिरगांव।
- कोछाभांवर अंबावाय होकर बबीना।
- रेलवे स्टेशन से चित्रा चौराहा, बीकेडी, खंडेराव गेट, कोतवाली मिनर्वा, गोविंद चौराहा, कचहरी चौराहा होकर रेलवे स्टेशन।
- कोछाभांवर से झलकारी बाई तिराहा होकर रेलवे स्टेशन।