कोछाभांवर में बस स्टैंड के लिए चिन्हित जमीन पर नाप जोख करती नगर निगम की टीम।
झांसी। महानगर में स्मार्ट सिटी के तहत इलेक्ट्रिक बसों के संचालन के लिए बस स्टैंड की स्थापना को लेकर कवायद शुरू कर दी गई। बस स्टैंड जाने वाले मार्ग पर नगर निगम की टीम ने नाप जोख की। इसके साथ ही बस स्टैंड निर्माण के लिए कार्यदायी संस्था ने भी तैयारी शुरू कर दी है।
महानगर में स्मार्ट सिटी के तहत 25 इलेक्ट्रिक बसों का संचालन किया जाना है। इसके लिए कोछाभांवर में इलेक्ट्रिक बसों के चार्जिंग स्टेशन के लिए करीब दो एकड़ भूमि चिह्नित की गई है। इसके बाद मंगलवार को नगर निगम के संपत्ति विभाग की टीम और प्रवर्तन दल पहुंचकर प्रस्तावित भूमि की नाप जोख की। दरअसल, इलेक्ट्रिक बसों के चार्जिंग स्टेशन के साथ प्रस्तावित भूमि पर परिवहन निगम भी बस स्टैंड का निर्माण करा रहा है। जिसके लिए सीएंडडीएस को जिम्मा सौंपा गया है। निर्माण कार्य के लिए कार्यदायी संस्था ने भी तैयारी शुरू कर दी है। वहीं नगर निगम महानगर में 10 अन्य स्थानों पर भी चार्जिंग प्वाइंट बनाने के लिए जगह की तलाश कर रहा है। स्मार्ट सिटी के नोडल अधिकारी अमित शर्मा ने बताया कि इलेक्ट्रिक बसों के लिए स्टैंड बनाने में आ रही बाधाओं को दूर कर लिया गया है। सड़क निर्माण के लिए भूमि की नाप जोख की गई है। चार करोड़ रुपये का टेंडर सीएंडडीएस ने निकाला है।