विधानसभा चुनाव की नामांकन प्रक्रिया के चौथे दिन झांसी से भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी विधायक रवि शर्मा ने नामांकन पत्र दाखिल किया। मुहूर्त होने के कारण उन्होंने सादगी से एक सेट में नामांकन पत्र दाखिल किया। वहीं, निर्दलीय प्रत्याशी डॉ. मधुपाल सिंह ने गरौठा विधानसभा सीट से पर्चा दाखिल किया। इस दौरान छह प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र लिए।
बृहस्पतिवार को नामांकन के दौरान सन्नाटा रहा। झांसी सीट से प्रत्याशी रवि शर्मा के लिए मुहूर्त सुबह 11 बजे से दोपहर 12.30 तक था। वह मुहूर्त के समय कलेक्ट्रेट पहुंचे और एक सेट में नामांकन पत्र दाखिल किया। उनके प्रस्तावक संतोष सोनी थे। उन्होंने बताया कि भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी छह फरवरी को नामांकन करेंगे। उनके लिए आज शुभ मुहूर्त था, इसलिए नामांकन किया है। वह पार्टी के प्रत्याशियों के साथ फिर से नामांकन करेंगे। इस मौके पर डॉ. कंचन जायसवाल, आशीष उपस्थित रहे।
वहीं, गरौठा विधानसभा सीट से निर्दलीय प्रत्याशी डॉ. मधुपाल सिंह ने नामांकन पत्र दाखिल किया। वह अपने समर्थकों के साथ मुहूर्त के अनुसार 2.50 बजे कलेक्ट्रेट पहुंचे व रिटर्निंग अधिकारी के कक्ष में जाकर नामांकन पत्र जमा किया। उन्होंने दस प्रस्तावकों के हस्ताक्षर कराए। इस मौके पर साकेंद्र सिंह, मंगल श्रीवास्तव, चंद्रप्रकाश अहिरवार, शैलेंद्र सिंह, लाखन सिंह उपस्थित रहे। इसके अलावा गरौठा विधानसभा सीट से भारतीय शक्ति चेतना पार्टी की ओर से बामौर गांव के निवासी आत्माराम और राष्ट्रीय समाज पार्टी से टांडा गांव निवासी महेश चंद्र ने नामांकन पत्र लिया। मऊरानीपुर विधानसभा क्षेत्र से खड़ौरा गांव निवासी भारतीय शक्ति चेतना पार्टी की ओर से मनोहर लाल, खरकासानी गांव निवासी बहुजन मुक्ति पार्टी की बृजकुंवर और रानीपुर निवासी स्वतंत्र जनता राज्य पार्टी की ओर से बृजलाल बृजरौनिया ने नामांकन पत्र लिया, जबकि नामांकन किसी ने नहीं किया।
नामांकन के चार दिन बीत जाने के बाद भी अब तक बबीना विधानसभा से किसी प्रत्याशी ने नामांकन नहीं किया है। बृहस्पतिवार को निर्दलीय रामसेवक शर्मा ने नामांकन पत्र लिया। इस तरह अब तक आठ नामांकन पत्र लिए जा चुके हैं।
उक्रांद उतार सकता है प्रत्याशी
उत्तराखंड क्रांति दल ने निर्वाचन आयोग से बबीना विधानसभा के लिए चुनाव चिह्न कुर्सी का अप्रूवल लिया है। इसके अलावा भारतीय गांधीवादी पार्टी ने चुनाव चिह्न गले की टाई का अप्रूवल लिया है। ऐसे में माना जा रहा है कि उक्त पार्टियां बबीना विधानसभा क्षेत्र से प्रत्याशी उतार सकती हैं।
बसपा का नामांकन आज
बहुजन समाज पार्टी के बबीना से प्रत्याशी विधायक कृष्णपाल सिंह राजपूत व गरौठा से बसपा प्रत्याशी डॉ. अरुण कुमार मिश्रा शुक्रवार को नामांकन करेंगे। कृष्ण पाल सिंह राजपूत का नामांकन जुलूस मुक्ताकाशी मंच से सुबह 11 बजे शुरू होगा और शहर के विभिन्न मार्गों से होता हुआ कलेक्ट्रेट पहुंचेगा, जबकि गरौठा प्रत्याशी करीब एक बजे नामांकन करने पहुंचेंगे।
करोड़पति हैं रवि शर्मा
विधायक रवि शर्मा ने नामांकन पत्र जमा करने के दौरान चल और अचल संपत्ति का ब्योरा दिया है। उन्होंने चल संपत्ति 3,67,59,371 रुपये और अचल संपत्ति 2,35,86,608 रुपये की दर्शाई है। उनकी शिक्षा बीकाम एलएलबी है। उनके खिलाफ थाना प्रेमनगर में धारा 148, 339, 341 क्रिमिनल ला एक्ट के तहत मुकदमा चल रहा है। उनके पास कोछाभांवर में 4.05 एकड़ और ओरछा में 2.05 एकड़ जमीन है। बीकेडी चौराहा के पास 1856 वर्ग फुट का प्लाट है। पत्नी सुनीता के नाम कोछाभांवर में 0.677 हेक्टेयर जमीन, पठेश्वर में 0.948 हेक्टेयर और करगुवां में 0.535 हेक्टेयर जमीन है। उनके नाम वेरना कार, इनोवा व मोटरसाइकिल है, पत्नी के नाम स्कार्पियो और इनोवा कार है। उनके पास 210 ग्राम सोना, पत्नी के पास 150 ग्राम सोना और दो किलोग्राम चांदी है। उनके पास पिस्टल है। नकद राशि 2,92,380 रुपये बैंक में हैं, जबकि पत्नी के नाम एक लाख रुपये नकद और बच्चों के नाम 9,183 रुपये नकद हैं। उनके नाम दो लाख रुपये के शेयर, पत्नी के नाम बीस हजार रुपये और बच्चों के नाम तीस हजार रुपये के शेयर हैं। पिछले चुनाव में उनकी घोषित संपत्ति में ज्यादा अंतर नहीं है। पहले कारें नहीं थीं।