झांसी। मंडल के डबरा रेलवे स्टेशन की मेन लाइन पर एक व्यक्ति का शव पड़ा होने से बृहस्पतिवार की रात ग्वालियर से झांसी की तरफ आ रहीं आठ ट्रेनें लेट हो गईं।
बृहस्पतिवार की रात 12.16 बजे डबरा स्टेशन की अप ट्रैक की मेन लाइन से 02806 आंध्र प्रदेश सुपरफास्ट एक्सप्रेस तेज गति से निकल रही थी। तभी फुटओवर ब्रिज के पास अज्ञात व्यक्ति ट्रेन की चपेट में आ गया। इस बात की जानकारी चालक ने सहायक स्टेशन मास्टर को दी। मौके पर पहुंचे कर्मचारियों ने देखा कि शव पटरी पर पड़ा है। इसके बाद अप ट्रैक के संचालन को रोक दिया गया। इससे पीछे आ रहीं ट्रेनें अलग-अलग स्टेशनों पर खड़ी हो गईं।
सूचना पर पहुंची जीआरपी ने शव को पटरियों से हटवाया। इस काम में एक घंटे का वक्त लग गया। इस घटना के कारण ग्वालियर से झांसी की तरफ आ रहीं 02448 निजामुद्दीन मानिकपुर यूपी संपर्क क्रांति, 02626 केरला एक्सप्रेस, 02156 निजामुद्दीन हबीबगंज एक्सप्रेस, 02920 जम्मूतवी इंदौर मालवा एक्सप्रेस, 02622 तमिलनाडु एक्सप्रेस, 00762 निजामुद्दीन रेनुगुंटा एक्सप्रेस, 01842 कुरुक्षेत्र खजुराहो एक्सप्रेस व 06528 नई दिल्ली बंगलूरू एक्सप्रेस लेट हो गईं। इससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
ट्रेन की चपेट में आने से ट्रैकमैन की मौत
झांसी। मंडल के बुढ़पुरा स्टेशन पर शुक्रवार की सुबह एक ट्रैकमैन की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई।
बबीना व ललितपुर सेक्शन के बीच स्थित बुढ़पुरा स्टेशन पर कार्यरत ट्रैकमैन रमेश कुमार (55) का कार्यरत थे। वह परिवार के साथ स्टेशन के पास रहते थे। शुक्रवार की सुबह उनकी ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। सूचना पर जीआरपी व परिजन मौके पर पहुंच गए। जीआरपी ने शव पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया। इधर, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी राजेश कुमार गुप्ता के निर्देश पर वेलफेयर इंस्पेक्टर विजय बहादुर पाठक व मनोज कुमार साहू ने पीड़ित परिजनों को दाह संस्कार के लिए दस हजार की आर्थिक सहायता थाने में पहुंचकर प्रदान की।