झांसी। भारत निर्वाचन आयोग की ओर से तैयार किए गए ई-एपिक एप के जरिए मतदाताओं को आसानी से सभी सूचनाएं हासिल हो सकेंगी। इसे 25 जनवरी को लॉच किया जाएगा। वहीं, मतदाता दिवस को लेकर भी तैयारियां आरंभ कर दी गई हैं।
विकास भवन सभागार में सोमवार को जिलाधिकारी आंद्रा वामसी की अध्यक्षता में बैठक हुई। उन्होंने राष्ट्रीय मतदाता दिवस को लेकर तैयारियां तेज करने के निर्देश दिए और कहा कि मतदाताओं को जागरूक करने के लिए अभियान शुरू किया जाए। कोई भी पात्र मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित ना रहे। प्रत्येक दशा में उनका फार्म-6 भरवाया जाए। सभी मतदाता बनें, सशक्त, सतर्क, सुरक्षित की थीम तय की गई है। थीम एवं स्लोगन के व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए। तहसील स्तर पर मतदाता पंजीकरण केंद्र में इसका आयोजन कराने को कहा। राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर ई-एपिक की शुरुआत होगी। इसके माध्यम से मतदाताओं को आसानी से सूचनाएं उपलब्ध हो सकेंगी। 25 जनवरी के बाद इसे डाउनलोड किया जा सकेगा। इसके लिए वोटर पोर्टल, एनवीएसपी अथवा वोटर हेल्पलाइन एप के जरिए डाउनलोड किया जा सकेगा। जनपदस्तर पर स्कूल, कॉलेज एवं महाविद्यालय की ओर से थीम आधारित प्रतियोगिताएं कराने के निर्देश दिए।