अमर उजाला ब्यूरो
झांसी/मोंठ। टायर फटने से कानपुर हाईवे स्थित भुजोंद में बीचोंबीच खड़े डंपर से कानपुर देहात जा रहा गिट्टी से भरा डंपर टकरा गया। इसमें परिचालक (कंडक्टर) गुलफाम की मौत हो गई। चालक चिंताजनक हालात में मेडिकल कॉलेज में भर्ती है।
मृतक के परिजनों ने बताया कि जालौन के एट थानांतर्गत ईगुई निवासी कंडक्टर गुलफाम और डंपर चालक फैजान झांसी से गिट्टी लेकर कानपुर देहात जा रहे थे। रास्ते में नींद लगने पर गुलफाम डंपर के केबिन में सो गया। भुजोंद में एक अन्य डंपर का टायर फटने की वजह से चालक ने बीचोंबीच वाहन छोड़ दिया था। इसके आसपास सचेत करने के लिए न तो ईंट-पत्थर रखे और न पेड़ों की डालियां। रात होने की वजह से फैजान डंपर नहीं दिख सका और वह सीधे हाईवे पर खड़े डंपर से टकरा गया।
टक्कर इतनी तेज थी कि गुलफाम केबिल में बुरी तरह से फंस गया। हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे मोंठ कोतवाल अखिलेश द्विवेदी ने दोनों को बाहर निकाला मगर तब तक गुलफाम की मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल फैजान को सीएचसी मोंठ भेजा, जहां से उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। मेडिकल कॉलेज में उसकी हालात चिंताजनक बनी हुई है। मोंठ कोतवाल ने बताया कि मृतक के परिजनों की ओर से अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।