विकास भवन में हुई बैठक में पार्षदों ने मिलावटी दवा का छिड़काव कराए जाने, सब्जी वार्ड में न पहुंचने की शिकायतें कीं। कम खाद्यान्न दिए जाने की भी शिकायत की गई। इस पर जिलाधिकारी ने कहा कि अगर कोटेदार धांधली या घटतौली करता है तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
वार्ड 16 के पार्षद महेश गौतम ने गरीब बस्ती में सैनिटाइजर व मास्क वितरण का सुझाव दिया। वार्ड छह के पार्षद विमल किशोर ने सुझाव दिया कि झांसी को सेक्टर में बांटकर एक सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात हो। वार्ड 52 के पार्षद रहीस अहमद ने बताया कि वार्ड में चार दिन से सब्जी की गाड़ी नहीं पहुंची है।
पार्षद सुलेमान मंसूरी ने कोटेदार द्वारा मनमानी करते हुए खाद्यान्न वितरण की शिकायत की। कहा कि कोटेदार पांच यूनिट की जगह चार यूनिट खाद्यान्न दे रहा है। सुनील नैनवानी ने कहा कि पुलिस मानवीय बने, जो सेवाएं दे रहे हैं उनका उत्पीड़न न हो।
अनिल सोनी ने वार्ड में दवा का छिड़काव लगातार करवाने का सुझाव दिया। सब्जी विक्रेता हनीश रानी ने कहा कि नगर के 35 वार्डों में सब्जी पहुंच रही है। यदि शेष वार्डों के पार्षद सहयोग के लिए आगे आएं, तो सभी जगह सब्जी पहुंचाई जा सकती है। उन्होंने पुलिस द्वारा सहयोग न करने व जबरन मारपीट करने का आरोप लगाया। कमल ने कहा कि सब्जी विक्रेता दुखी हैं। सप्लाई चेन बनी रहे, जो भी समस्या है उसे दूर किया जाए।
इस दौरान डीएम आंद्रा वामसी ने कहा कि कोटेदार यदि वितरण में धांधली या घटतौली करता है तो सख्त कार्रवाई की जाएगी। वार्डों में सब्जी ठेला सोशल डिस्टेंसिंग का पालन जरूर करें। मलिन बस्ती और गरीबों के लिए सामुदायिक रसोई संचालित की जा रही है।
हर वार्ड में सब्जी और राशन बांटने के लिए एक नोडल अधिकारी बनाया जाएगा। इसकी जिम्मेदारी होगी कि वार्ड में सभी को राशन व सब्जी मिले। प्रशासन की प्राथमिकता है कि कोरोना वायरस को जनपद में न आने दें। इस दौरान मेयर रामतीर्थ सिंघल, उपनिदेशक मंडी सीपी तिवारी, मंडी सचिव पंजक शर्मा मौजूद रहे।
कालाबाजारी की सूचना प्रशासन को देंगे
रिद्धी-सिद्धी विनायक युवक मंडल की बैठक में फैसला लिया गया कि खाद्य सामग्री, मास्क, सैनिटाइजर आदि की कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ विभिन्न टीमें जिला प्रशासन को सूचना देंगी। किसी भी सहायता के लिए दस सदस्यीय टीम का गठन किया गया है। लॉकडाउन को सफल बनाने के लिए अनावश्यक घूम रहे लोगों को जागरूक भी किया जाएगा। कोरोना से निपटने के लिए सरकार द्वारा बताए गए उपायों के बारे में भी आमजन को बताया जाएगा।