झांसी। यहां पांच साल पूर्व सांसद और केंद्रीय मंत्री उमाभारती का निवास रहा, लेकिन सूरत नहीं बदल सकी। टूटी नालियां, गंदगी के ढेर और खुले ट्रांसफार्मर लोगों की दिक्कत बढ़ाते रहे। पांच साल गुजरे और फिर क्षेत्र के ही निवासी राजीव सिंह पारीछा बबीना विधायक बने। उम्मीद जगी कि अब दुर्दशा सुधर जाएगी, लेकिन वह भी टूट गई। जनप्रतिनिधि अपनी कॉलोनी को तो चमकाते रहे, लेकिन कॉलोनी के बाहर रहने वालों की उन्हें कभी सुध नहीं आई। उमा हों या राजीव सिंह को टूटी सड़कों से गुजरना गंवारा हुआ, लेकिन जनता के लिए सड़क को सुधरवाने की जहमत नहीं उठाई। सड़क और नालियों को छोड़िए जिले के प्रमुख मंदिरों से सुशोभित क्षेत्र की शोभा में बढ़ावा करने में भी नेता लोग पीछे रहे। हम बात कर रहे हैं शहर के प्रमुख क्षेत्र बाहर लक्ष्मी गेट की। यहां सुविधाएं नेताओं की सिफारिशों की मोहताज हैं।
शहर के वार्ड नंबर 45 लक्ष्मी गेट बाहर क्षेत्र में स्थित ओमशांति विहार कालोनी में पांच साल तक पूर्व सांसद और केंद्रीय मंत्री उमा भारती का निवास रहा। इसके साथ ही कालोनी में विधायक बबीना राजीव सिंह पारीछा का आवास है। कालोनी में तो व्यवस्थाएं दुरुस्त हैं, लेकिन कॉलोनी के बाहरी क्षेत्र में रहने वाले लोग परेशान हैं। क्षेत्र की नालियां टूटी हैं। सड़कों पर गंदगी है। खुले में ट्रांसफार्मर रखे हैं। लोग कई बार शिकायतें कर चुके हैं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की जा रही।
-----------
कहते हैं लोग
नालियां टूटी पड़ी हैं। आवारा जानवर परेशान करते हैं। कई बार शिकायत की गई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।- कमलेश सैनी
----------
मोहल्ले के पास कई जनप्रतिनिधि रहते हैं, लेकिन कोई समस्याओं को दूर कराने की पहल नहीं करता। - विशन
------
पास की कालोनी में रहने वाले नेता रोज सड़क से गुजरते हैं, लेकिन उनको क्षेत्र की जनता की समस्याएं नजर नहीं आतीं।- बनवारी
----------
क्षेत्र में मच्छर पनप रहे हैं। लोग सफाई के लिए कई बार प्रदर्शन कर चुके हैं, लेकिन कार्रवाई नहीं होती।- अशोक कुमार
----------
यहां लक्ष्मी मंदिर, महाकाली मंदिर हैं। मंदिरों के पास साफ-सफाई व्यवस्था बदहाल है। - पवन पटेल
---------
लक्ष्मीगेट से मंडी जाने वाला मार्ग कई साल से अधूरा है। नेता रोज निकलते हैं, लेकिन मार्ग नहीं बन सका।- सत्येंद्र साहू
----------
वार्ड का हाल बेहद खराब है। सड़क टूटने के बाद बनी नहीं है। धूल उड़ती रहती है, इससे दिक्कत होती है।- आसिफ सिद्दकी
----------
पानी की समस्या सबसे ज्यादा परेशान करती है। पूरे-पूरे दिन पानी नहीं आता। दिक्कत का सामना करना पड़ता है।- चायमा
----------
क्षेत्र में तमाम समस्याएं हैं। खुले ट्रांसफार्मर हादसों को न्यौता देते हैं। कई बार गायों की चिपककर मौत हो चुकी है।- सुमन साहू
----------
सड़कें टूटी पड़ी हैं। नालियों का पानी सड़क पर बहता है। कोई जनप्रतिनिधि समस्याएं दूर नहीं कराता।- रामस्वरूप
----------
क्षेत्र की आबादी- 15000
वोटर- 5200
-----------
पहले के मुकाबले वार्ड में काफी विकास कार्य हुए हैं। लक्ष्मीताल के विकास की योजना जारी है। काली मंदिर के पास भव्य पार्क का निर्माण कराया गया है। साफ-सफाई व्यवस्था भी दुरुस्त हुई है। जो कमियां हैं, उन्हें भी जल्द पूरा किया जाएगा।
राजीव सिंह पारीछा, विधायक बबीना