अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। छत्तीसगढ़ के रायपुर में दोहरे हत्याकांड के आरोपियों को आरपीएफ ने गोंडवाना एक्सप्रेस में दबोच लिया। तीनों को छत्तीसगढ़ पुलिस के हवाले किया जाएगा।
रायगढ़ जिले के शहर कोतवाली इलाके की पुरानी हटरी मार्केट के पास रहने वाले बुजुर्ग भाई-बहन की 13 जनवरी को हत्या कर दी गई थी। लोगों ने पुलिस को जानकारी दी थी। पड़ताल में सामने आया था कि क्षेत्र में ही रहने वाले दो युवक इस वारदात में शामिल हैं। किशन शर्मा और अतुल कुमार ने चोरी की नीयत से घर में घुसकर 65 वर्षीय सीताराम जायसवाल और उनकी 62 वर्षीय बहन अन्नपूर्णा जायसवाल की हत्या कर दी थी। यहां आरोपियों को लगा कि वह पकड़े जाएंगे तो किशन ने अपनी मंगेतर दिव्या सारथी के साथ दिल्ली भागने की योजना बनाई।
तीनों गोंडवाना एक्सप्रेस से दिल्ली के लिए निकले थे। वहीं, छत्तीसगढ़ पुलिस ने तीनों आरोपियों की फोटो रेल सुरक्षा बल को भेजकर उनकी तलाश शुरू कर दी। शनिवार की रात जब गोंडवाना एक्सप्रेस झांसी पहुंची तो आरपीएफ की दो टीमें इंस्पेक्टर आरके कौशिक और शिप्रा की अगुवाई में आरोपियों की तलाश में जुट गईं। ग्वालियर के पास तीनों आरोपियों को ट्रेन में ही दबोच लिया गया। सहायक रेल सुरक्षा आयुक्त केएन तिवारी ने बताया कि तीनों आरोपियों को छत्तीसगढ़ पुलिस के हवाले किया जा रहा है।