झांसी। महानगर में अब टीमें घर-घर जाकर कोरोना का सैंपल लेंगीं। इसके लिए जिला प्रशासन ने 24 टीमें लगाई हैं। डीएम आंद्रा वामसी ने लोगों से सैंपलिंग कराने में सहयोग करने की अपील की है। डीएम ने कहा कि ऐसे मोहल्ले जहां केस अधिक हैं, लेकिन लोग असहयोग कर रहे हैं वहां टीम घर- घर जाकर सैंपल लेगी ताकि समयानुसार इलाज की व्यवस्था की जा सके।
डीएम ने कहा कि यदि किसी को गंभीर बीमारी है, तो तत्काल अस्पताल आएं ताकि प्रॉपर इलाज किया जा सके। उन्नाव गेट, तालपुरा, बड़ा बाजार, सैंयर गेट, वासुदेव मोहल्ला, पन्नालाल का हाता, अलीगोल, आंतिया तालाब, बिसातखाना, सुभाष गंज, मुकरयाना, गोला कुआं, इतवारी गंज सहित अन्य मोहल्लों में टीम सैंपल लेने जाएंगीं। जनपद में 232 केस हैं जिसमें 97 ठीक हो गए और 24 लोगों की मौत हुई है। डीएम ने कहा कि 24 मे से 16 मरीजों को बचाया जा सकता था अगर यह समय से अस्पताल आ जाते। सैंपल लेने के लिए दो प्रकार की टीम तैयार की गई हैं। सरकारी 12 टीम पहले से ही सैंपल लेने का कार्य कर रही थीं। प्राइवेट टीम के आ जाने से अब सैंपल लेने की गति तेज हो जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रतिदिन 1500 सैंपल लेने का लक्ष्य है। 500 सैंपल की जांच झांसी लैब में तथा 1000 सैंपल की जांच अन्यत्र लैब में कराई जाएगी।
डीएम ने बताया कि बड़ागांव एल-1 हॉस्पिटल में मरीज भेजे गए हैं। साथ ही बरुआसागर, गरौठा के अतिरिक्त रेलवे अस्पताल झांसी, सेंट मैरी स्कूल मऊरानीपुर में भी 100-100 बेड का एल-1 अस्पताल तैयार किया गया है।