झांसी (वि.)। बुंदेलखंड की महिला दुग्ध उत्पादक किसानों ने अब अपने उत्पाद को बाजार में नई पहचान दिलाने की दिशा में कदम बढ़ाया है। महिला किसानों के स्वामित्व वाली बलिनी मिल्क प्रोड्यूसर्स कंपनी लिमिटेड ने रविवार को पैकेज्ड मिल्क की शुरुआत की। झांसी स्थित कंपनी के मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. ओपी सिंह एवं महिला दुग्ध उत्पादक किसानों ने दीप प्रज्ज्वलन कर पैकेज्ड दूध का शुभारंभ किया।
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन और उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के सहयोग से संचालित बलिनी मिल्क प्रोड्यूसर्स कंपनी की स्थापना सात दिसंबर 2019 को हुई थी। इसका उद्देश्य बुंदेलखंड की महिला दुग्ध उत्पादकों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना और उन्हें संगठित डेयरी व्यवसाय से जोड़ना है।
कंपनी की ओर से फिलहाल तीन प्रकार के पैकेज्ड मिल्क बाजार में उतारे गए हैं। इनमें फुल क्रीम मिल्क (बलिनी गोल्ड), टोंड मिल्क और डबल टोंड मिल्क शामिल हैं। शुरुआत में ये उत्पाद झांसी नगर में उपलब्ध होंगे। इसके बाद ललितपुर, दतिया और ग्वालियर के बाजारों में भी इनकी आपूर्ति की जाएगी।
कार्यक्रम में महिला दुग्ध उत्पादक किसानों ने इस पहल पर प्रसन्नता जताते हुए इसे अपने सामूहिक प्रयासों और मेहनत का सम्मान बताया। उनका कहना था कि संगठित व्यवसाय और ब्रांड निर्माण से ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनने के नए अवसर मिलेंगे।