दीक्षांत समारोह में आज आएंगी राज्यपाल
झांसी। राज्यपाल व कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल आज बुंदेलखंड विश्वविद्यालय (बीयू) परिसर में होेने वाले दीक्षांत समारोह में शिरकत करेंगी। वह मेधावियों को पदक वितरण करेंगी। राज्यपाल के दौरे के मद्देनजर पुलिस अधिकारियों ने बुधवार को विश्वविद्यालय कैंपस का जायजा लेकर सुरक्षा व्यवस्था व अन्य तैयारियों को परखा। देर शाम डीआईजी सुभाष सिंह बघेल ने भी सुरक्षा कर्मियों के साथ बैठक लेते हुए मुस्तैदी से ड्यूटी के निर्देश दिए हैं।
जिले में राज्यपाल के आगमन कोे लेकर दिन भर पुलिस अधिकारी व विश्वविद्यालय प्रशासन तैयारियों में जुटा रहा। शाम को डीएम शिवसहाय अवस्थी, एसएसपी डॉ. ओपी सिंह ने फ्लीट रिहर्सल भी किया। इसके बाद डीआईजी सुभाष सिंह बघेल ने ड्यूटी पर आए पुलिस अधिकारियों व फोर्र्स के साथ विश्वविद्यालय सभागार में बैठक कर निर्देश दिए।
उन्होेंने बताया कि बृहस्पतिवार की सुबह 8:40 बजे राज्यपाल राजभवन से चौधरी चरण सिंह एयरपोर्ट के लिए निकलेंगी। 9:15 बजे वह दतिया एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगी। 10:05 बजे दतिया एयरपोर्ट पहुंचेंगी। सवा दस बजे उनका काफिला बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के लिए रवाना होगा। सुबह 11 बजे बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में शिरकत करेंगी।
उन्होंने कहा कि सभी की ड्यूटी तय कर दी गई है। समय से पहले सभी पहुंच जाएं, ताकि किसी तरह की कोई समस्या पैदा न हो। उन्होंने बताया कि राज्यपाल की सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद रहेगी। बाहर से भी फोर्स बुलाया गया है। इसमें दो कंपनी पीएसी, 3 एएसपी, 16 सीओ, 132 इंस्पेेक्टर, 125 दरोगा व 600 सिपाही ड्यूटी पर तैनात रहेंगे। सभी को उनकी ड्यूटी सौंप दी गई है।
एनजीओ, रेडक्रॉस व टीबी संस्था के साथ करेंगी बैठक
पदक वितरण करने के बाद दोपहर दो बजे से तीन बजे तक केंद्र सरकार की योजनाओं की हकीकत परखेंगी। दोपहर तीन बजे से साढ़े तीन बजे तक एनजीओ, रेडक्रॉस व टीबी एसोसिएशन के साथ बैठक करेंगी। आयोजन स्थल पर विश्वविद्यालय स्टाफ, सहभागी और वीईआईपी के लिए वाहन पार्किंग और प्रवेश के लिए अलग से इंतजाम किए गए हैं। किसी तरह की कोई भी परेशानी न हो इसके लिए अंदर व बाहर फोर्स भी तैनात रहेगा।
दिन भर चला रंगाई पुर्ताई का काम
राज्यपाल के आने से पहले बुधवार को पूरे दिन शहर की सड़कें चकाचक होती रहीं। सड़कों के आसपास भी सफाई चलती रही। साथ ही सड़क के बीच बने डिवाइडरों की भी रंगाई पुताई चलती रही। नगर निगम के अधिकारी भी सफाई व्यवस्था का जायजा लेते रहे। मौके पर कमी मिलते ही दुरुस्त भी कराने के निर्देश दिए।