अमर उजाला ब्यूरो
बबीना।
सेना के अल्फा स्क्वारडन कोट-20 में असलहों की सफाई एवं आपलिंग के समय नाइन एमएम की एक बेरेटा पिस्टल गायब हो गई। उसकी तलाश हुई, लेकिन उसका पता नहीं चल सका। इससे सैन्य अफसरों में खलबली मच गई। लेफ्टिनेंट कर्नल सौमित्र माइति की ओर से बबीना थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
सेना की ओर से दी गई तहरीर के मुताबिक, 13 जून को बबीना कैंट में दफेदार पवन के अधिभार से असलहे निकाले गए थे। काम खत्म होने के बाद जब असलहों को दोबारा रखने के बाद उनका मिलान किया गया। उसमें से एक नाइन एमएम की बेरेटा पिस्टल गायब थी। इसकी सूचना तुरंत एनसीओ सूबेदार एवं कमान अधिकारी कर्नल अर्जुन सिंह को दी गई। लापता पिस्टल की तलाश यूनिट समेत आसपास की गई, लेकिन पिस्टल नहीं मिली। इंस्पेक्टर तुलसीराम पांडेय के मुताबिक, तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। बेरेटा पिस्टल का सेना ही इस्तेमाल करती है।