अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। जल निगम की ओर से महानगर पेयजल योजना के जरिये बिछाई गई पाइप लाइन में जगह-जगह लीकेज है। दर्जनों मोहल्लों में गंदे पानी की आपूर्ति हो रही है। लोग परेशान हैं। शिकायत दर्ज कराने के बावजूद भी मरम्मत नहीं हो पा रही। यही हाल जल संस्थान की पाइप लाइन का है। लीकेज की वजह से हजारों लोगों को गंदा पानी पीना पड़ रहा है।
इंदौर में सीवरेज मिले पानी को पीने से कई लोग जान गवां बैठे। हालांकि झांसी में सीवरेज न होने से ऐसी मुश्किल नहीं आ रही लेकिन अधिकांश जगहों पर पाइप लाइन में लीकेज है। कई जगह यह नालों से होकर गुजरी है। लीकेज होने से मोहल्लों में गंदा पानी जाता है। खंडेराव गेट, नरसिंह राव टौरिया, झारखड़िया, लक्ष्मणगंज, नरिया बाजार, गणेश बाजार, चंद्रशेखर आजाद, इतवारी गंज, दरीगरान, बजरिया मोहल्ला, नईबस्ती, गनपत खिड़की जैसे तमाम मोहल्लों में अक्सर गंदा पानी आता है। सबसे अधिक शिकायत जल निगम की पाइप लाइन की वजह से पेश आ रही है।
महानगर में जहां भी बिछाई गई, वहां लीकेज हो रहा है। इससे गंदा पानी घरों तक पहुंच रहा है। खुशीपुरा, आवास विकास कॉलोनी, केके पुरी कॉलोनी समेत कई मोहल्लों में लोग परेशान हैं। उनका कहना है इस वजह से उनको खरीदकर पानी पीना पड़ता है। नहाने के लिए भी दूर तक जाना पड़ता है। शिकायत करने का भी कोई फायदा नहीं होता। जल निगम के अधिशासी अभियंता मुकेश पाल का कहना है कि लीकेज मिलने पर मरम्मत कराई जाती है। वहीं, जल संस्थान उमेश कुमार का कहना है कि साफ पानी की आपूर्ति के लिए फिल्टर में नया प्लांट लगाया गया है। लीकेज होने से ही गंदा पानी पहुंचता है। शिकायत आने पर तत्काल इनकी मरम्मत कराई जाती है।
000
नलों से अक्सर ही गंदा पानी आता है। ऐसे में वह पानी पीने लायक नहीं रह जाता। हैंडपंप से पानी भरकर हम लोग इसका इस्तेमाल करते हैं। राजकुमार रावत, बजरिया मोहल्ला
नलों से नियमित गंदा पानी आता है। लीकेज होने की वजह से यह पानी गंदा है। इस पानी को पीने में इस्तेमाल नहीं कर पाते। पीने के लिए बाहर से पानी मंगाना पड़ता है।
- सीमा कुशवाहा, नईबस्ती
इंपैक्ट
जल संस्थान की टीम ने ठीक कराया लीकेज
फोटो
जल संस्थान की टीम ने नरसिंह राव टोरिया मोहल्ले में पहुंचकर लीकेज की मरम्मत कराई। अमर उजाला ने एक जनवरी के अंक में नरसिंह राव टोरिया मोहल्ले में गंदे पानी की आपूर्ति के संबंध में खबर प्रकाशित की थी। इसके बाद अधिशासी अभियंता उमेश प्रसाद ने तुरंत वहां टीम भेजी। टीम ने मोहल्ले में पाइप लाइन की हालत की जांच की। कुछ जगहों पर लीकेज मिला। इसके बाद जल संस्थान टीम ने इस लीकेज की मरम्मत कराई। जल संस्थान अधिशासी अभियंता के मुताबिक नरसिंह राव टौरिया में स्थापित 1500 केएल क्षमता की टंकी से पानी की आपूर्ति तकनीकी वजहों से नहीं हो पाती। इसकी जगह 950 केएल क्षमता की टंकी से पानी की आपूर्ति हो रही है। उनका कहना है कि लीकेज की मरम्मत कराने के बाद दूषित पेयजल आपूर्ति की शिकायत दूर कर दी गई है।