झांसी। महानगर में जहां एक तरफ स्वच्छता का अभियान चलाया जा रहा है, वहीं दूसरी तरफ सड़कों पर हो रहे जलभराव से स्वच्छता अभियान की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। नाले की सफाई नहीं होने से गंदा पानी ओवरफ्लो होकर सड़कों पर भर रहा है, जिससे तालपुरा कछियाना, कुरयाना, कालीमाईं, कब्रिस्तान और नगरिया कॉलोनी में रहने वाली पांच हजार की आबादी परेशान है।
महानगर के तालपुरा कछियाना में नाले की सफाई न होने से प्रतिदिन नाले का गंदा पानी सड़कों पर भर जाता है, जिससे आसपास के लोगों को आने-जाने में परेशानी होती है। मुहल्ले के लोगों ने बताया कि प्रतिदिन सुबह नाले के पानी की निकासी की व्यवस्था सही से न होने के कारण गंदा पानी ओवरफ्लो होने से सड़क पर भर जाता है, जिससे सड़क पर करीब दो से तीन फीट तक पानी भर जाता है, जिससे आप पास के कुरयाना, कालीमाई, कब्रिस्तान और नगरिया में रहने वाले पांच हजार लोगों को परेशानी होती है। लोगों का आरोप है कि मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्र होने के कारण भी इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया जाता है। साथ ही संक्रामक बीमारी के फैलने का खतरा बना रहता है।
चुनाव का करेंगे बहिष्कार
मुहल्ले के लोगों ने बताया कि यह समस्या पिछले कई सालों से है। हर बार चुनाव आने पर नेता वोट लेने आते हैं। और समस्या के समाधान कराने का वादा करके चले जाते हैं। समस्या का कोई स्थायी समाधान नहीं करते हैं। इसलिए अगर चुनाव के पहले समस्या का कोई स्थाई समाधान नहीं किया गया, तो मुहल्ले वाले चुनाव का बहिष्कार करेंगे।
ट्रांसफार्मर के आसपास जलभराव होने से हादसे का बना रहता है खतरा
नाले का पानी सड़क पर रखे ट्रांसफार्मर के आसपास भर जाता है, जिससे कभी भी किसी भी बड़े हादसे की संभावना बनी रहती है।
लोगों से बातचीत
सड़क पर नाले का पानी भरने से मच्छर पनप रहे हैं। ऐसे में संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा बना रहता है। - उमाशंकर पिपरया, स्थानीय लोग
नाले का दूषित पानी सड़क पर भर जाता है, मजबूरन गंदे पानी से होकर निकलना पड़ता है। - दिलशाद कुरैशी, स्थानीय लोग
नाले की सफाई कराई जाए, जिससे दूषित पानी के निकासी की समस्या का हल हो सके। - असलम, स्थानीय लोग
बारिश होने पर नाले का पानी घरों में भर जाता है, जिससे संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा होता है। - मुकेश देवरिया, स्थानीय लोग
अगर समस्या का कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया, तो चुनाव का बहिष्कार करेंगे। - दीनदयाल, स्थानीय लोग
चुनाव के समय राजनेता वोट लेने आते हैं, इसके बाद पूरे पांच साल नहीं दिखाई देते। - राजेंद्र कोरी, स्थानीय लोग
मेरे पास इसकी कोई जानकारी नहीं थी। अब जानकारी हुई है। इसकी सफाई की जाएगी। - विनीत नगर स्वास्थ्य अधिकारी