झांसी। आधे से ज्यादा शहर खुदा पड़ा हुआ है। आए दिन लोग हादसों के शिकार हो रहे हैं। नगर निगम से लेकर प्रशासनिक अफसरों के दफ्तर तक आए दिन लोग शिकायतें लेकर पहुंच रहे हैं। लेकिन अफसरों को शिकायतों से कोई सरोकार नहीं है। आलम यह है कि महानगर में करीब 50 से अधिक सड़कें ऐसी हैैं, जिन पर गड्ढों के चलते गहरे जख्म हैं। इसके साथ ही तमाम सड़कों को पाइपलाइन डालने के नाम पर खोद दिया गया है। काम होने के बाद भी सड़क को पूरी तरह से बंद नहीं किया जाता। सोमवार को अमर उजाला टीम ने प्रमुख सड़कों का जायजा लिया।
------------
शिवाजी नगर-नारायण बाग सड़कों का हाल जर्जर
महानगर में इन दिनों पेयजल पाइपलाइन डालने का काम चल रहा है। शहर के शिवाजी नगर, नारायण बाग क्षेत्र में इन दिनों सड़कें खुदी पड़ी हैं। इसके अलावा महानगर के डडियापुरा, वीरांगना नगर, करगुवां, गल्लामंडी रोड समेत तमाम इलाकों में पेयजल पाइपलाइन डालने के बाद सड़कों को ठीक नहीं किया गया। इसके अलावा रेलगंज, नंदनपुरा, आवास विकास का हाल भी कुछ ऐसा ही है। वहीं, महानगर में गैस पाइपलाइन भी डाली जा रही है। इसके चलते जगह-जगह सड़कों को खोदा जा रहा है। कई बार तो खुदाई के दौरान पेयजल पाइपलाइन भी तोड़ दी गई है।
----------
बीकेडी चौराहे पर गिरते हैं लोग
महानगर में स्मार्ट सिटी के तहत चल रहे काम के लिए भी सड़कों को काटा जा रहा है। नियमों के मुताबिक सड़क को खोदने के बाद पहले जैसा करने का जिम्मा कार्यदायी संस्था का है, लेकिन कई जगहों पर पाइपलाइन डालने के बाद सड़क को सही नहीं किया जाता। जबकि कई जगहों पर सीमेंट से सड़क को भर दिया गया है, जबकि डामर नहीं डाली गई। इसके अलावा महानगर में कई जगहों पर सड़क निर्माण कार्य का मलबा पड़ा है। इसके चलते लोग हादसों के शिकार हो रहे हैं।
------------
सदन की बैठक में उठ चुका है मामला
महानगर में चल रहे खुदाई कार्य को लेकर सदन की बैठक में मामला उठ चुका है। इसे लेकर सदर विधायक भी कह चुके हैं कि जल निगम से नक्शा लेकर काम कराया जाए। इसे लेकर जल निगम को पत्र भी लिखा गया, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। इसके साथ ही जल निगम को नगर निगम के अधिकारी कई बार सड़क की मरम्मत कराने के लिए कह चुके हैं।
--------
लोग कहते हैं
पूरे शहर में जगह-जगह खुदाई चल रही है। सड़कें कुछ महीने पहले बनी थी, अब फिर जर्जर हो गई हैं। आए दिन हादसे होते हैं।- जरीना खातून
---------
महानगर में सड़कों का हाल बदहाल हो चुका है। नारायण बाग क्षेत्र में सड़क को खोदकर छोड़ दिया गया है। बहुत दिक्कत है।- मनीषा मिश्रा
---------
सड़कों को खोदना तो याद रहता है, लेकिन बनाने के बारे में विभाग कभी नहीं सोचते हैं। इसके चलते लोगों को परेशानी होती है।- पुष्पेंद्र कुमार
---------
सड़कों की हालत तो पूरी तरह से बिगड़ चुकी है। कोई सुनने वाला नहीं है। आए दिन लोग हादसों के शिकार होते हैं।- सौरभ
-------------
वर्जन
जल निगम को कई बार सड़कों को दुरुस्त कराने के लिए कह चुके हैं। जहां काम पूरा होता जा रहा है, वहां पर सड़क को ठीक कराने के लिए पत्र लिखा है। वहीं कई सड़कों पर मरम्मत के काम चल रहे हैं। जल्द ही सड़कों को दुरुस्त कराया जाएगा।
एलएन सिंह, चीफ इंजीनियर, नगर निगम