झांसी। महानगर के ऐतिहासिक स्थल आंतिया तालाब और पानी वाली धर्मशाला की सूरत बदलने का काम जल्द शुरू हो जाएगा। स्मार्ट सिटी के तहत होने वाले जीर्णोद्धार के कार्य को लेकर टेंडरिंग की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। इसी सप्ताह कार्यादेश जारी किया जाएगा। जिसके बाद आने वाले तीन महीनों में दोनों स्थलों के जीर्णोद्धार का काम पूरा किया जाएगा।
महानगर की पानी वाली धर्मशाला के जीर्णोद्धार कार्य को मंडलायुक्त ने स्मार्ट सिटी में शामिल करने के निर्देश दिए थे। जिसके बाद धर्मशाला का विकास कराने के लिए पांच करोड़ रुपये की डीपीआर तैयार की गई। कार्य के दौरान धर्मशाला के ताल में मौजूद जलकुंभी को हटाकर सफाई कराई जाएगी। एंटीक लाइटें और कुर्सियां लगाई जाएंगी। साथ ही स्नान करने वालों के लिए अलग व्यवस्था होगी। यहां गिरने वाले नालों को टैप किया जाएगा। इसके साथ ही आंतिया तालाब को भी खूबसूरत बनाने की तैयारी है। यहां भी पांच करोड़ रुपये से पिकनिक स्पॉट बनाया जाएगा। स्मार्ट सिटी के तहत दोनों जगहों पर कराए जाने वाले विकास कार्यों के लिए टेंडरिंग प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। स्मार्ट सिटी के नोडल अधिकारी अमित शर्मा ने बताया कि दोनों जगहों के निर्माण कार्य को कार्यादेश जारी किया जाना है। तीन महीने में निर्माण कार्य पूरा किया जाना है। इसे लेकर तैयारी चल रही है। स्टेडियम में भी बैडमिंटन कोर्ट का निर्माण भी इसी माह शुरू होगा।