झांसी। शनिवार को झांसी विकास प्राधिकरण के बोर्ड की बैठक हुई, जिसमें शहर के विकास को लेकर कई अहम फैसले हुए। मेडिकल कालेज के सामने फुट ओवरब्रिज के निर्माण को मंजूरी मिली। जबकि, ग्वालियर मार्ग रेलवे क्रॉसिंग पर फ्लाईओवर निर्माण के लिए जिम्मेदारी तय की गई। बैठक में इस साल प्राधिकरण की बयासी करोड़ रुपये की आय का लक्ष्य निर्धारित किया गया। वहीं, कुछ प्रस्तावों को हरी झंडी नहीं मिल सकी।
कमिश्नरी सभागार में आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए मंडलायुक्त कुमुदलता श्रीवास्तव ने कार्य समय पर पूरे किए जाने पर जोर दिया। शहर के व्यस्ततम मार्गों पर फुट ओवरब्रिज निर्माण के संबंध में मंडलायुक्त ने कहा कि सबसे पहले इसका निर्माण मेडिकल कालेज के पास किया जाए, क्योंकि वहां इसकी उपयोगिता अधिक है। इसके अलावा छियासठ करोड़ रुपये की लागत से ग्वालियर मार्ग रेलवे क्रासिंग पर फ्लाईओवर निर्माण के काम कोरेलवे के प्लान में शामिल कराने के लिए जिलाधिकारी को नामित किया गया। शहर की सीमाओं पर स्वागत द्वार के निर्माण के लिए शासन की स्वीकृति के लिए पत्र प्रेषित किए जाने पर सहमति बनी। अयोध्यापुरी में गणेश चौराहा से ग्वालियर मार्ग तिराहा तक फोरलेन निर्माण के लिए एनजीटी की सहमति के बाद कार्य कराने पर सहमति बनी।
इस दौरान बताया गया कि बेतवा विहार आवासीय योजना में विद्युत एवं जलापूर्ति के लिए विद्युत विभाग को चार करोड़ सतहत्तर लाख और जल संस्थान को दो करोड़ रुपये दिए जा चुके हैं। ये काम मार्च में पूर्ण होने थे, जो अब तक नहीं हुए। इस पर मंडलायुक्त ने नाराजगी जताते हुए विद्युत कार्य 31 जुलाई और पेयजल का काम अगस्त तक पूरा करने के निर्देश दिए।
पं. दीनदयाल उपाध्याय सभागार के उच्चीकरण के काम में हो रही देरी पर भी मंडलायुक्त ने नाराजगी जताई। राजकीय निर्माण निगम को इसका काम मई-जून में पूरा करना था, परंतु अब तक अधूरा है। मंडलायुक्त ने दो माह में काम पूरा करने के निर्देश दिए। अटल एकता पार्क के विकास कार्यों को अनुमोदित किया गया। साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत दुर्बल आर्य वर्ग के आवास स्थल करारी फेस - 2, खैलार एवं बिजौली में आंतरिक विकास कार्यों के लिए राशि अनुमोदित की गई।
इस दौरान जेडीए की ओर से विकास कार्यों पर तीस करोड़ रुपये खर्च का प्रावधान किया गया, जबकि बयासी करोड़ चौंसठ लाख रुपये की आय का लक्ष्य निर्धारित किया गया। लक्ष्य पूरा करने के लिए भूखंड, भवन बिक्री व दुकान से आय समेत अन्य बिंदुओं को समाहित किया गया।
इस मौके पर जिलाधिकारी शिवसहाय अवस्थी, जेडीए उपाध्यक्ष सर्वेश कुमार दीक्षित, नगर आयुक्त मनोज कुमार चौहान, अपर निदेशक कोषागार रामकृपाल सिंह, संयुक्त नियोजक एन के पुष्कर्णा, परियोजना अधिकारी संगीता सिंह, उपायुक्त उद्योग सुधीर कुमार श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।
विद्युतीकरण की होगी वित्तीय जांच
क्राफ्ट मेला ग्राउंड में बनी अरबन हाट में हुए विद्युतीकरण के कार्य की वित्तीय विभाग द्वारा परीक्षण कराए जाने के निर्देश दिए गए। मंडलायुक्त ने कहा कि यदि इसमें अभियंता दोषी पाए जाते हैं, तो कार्रवाई होगी। साथ ही उन्होंने प्राधिकरण के सभी अवर अभियंताओं को रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। अरबन हाट के निर्माण कार्यों को दो माह में पूरा कराने को कहा। साथ ही दुकानों के आवंटन के लिए जिलाधिकारी की अध्यक्षता में कमेटी गठित की जाएगी, जिसमें जेडीए उपाध्यक्ष, नगर आयुक्त, जीएम डीआईसी को शामिल किया जाएगा।