- चार गांवों में नहीं बना है मुक्तिधाम, खुले में करना पड़ रहा अंतिम संस्कार
भंडरा। मऊरानीपुर विकासखंड क्षेत्र के ग्राम पंचमपुरा, नयागांव, बरुआमाफ, पुरवा में अब तक मुक्तिधाम (श्मशान घाट) का निर्माण न होने से ग्रामीणों को शवों का अंतिम संस्कार खुले में करने को मजबूर होना पड़ रहा है।
सबसे अधिक परेशानी बरसात के मौसम में होती है। बारिश में खुले स्थान पर अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी करना ग्रामीणों के लिए मुश्किल हो जाता है। ग्रामीणों ने कहा कि गांवों में लंबे समय से मुक्तिधाम की जरूरत महसूस की जा रही है, लेकिन ज़िम्मेदारों का ध्यान इस ओर नहीं है। ऐसे में मृतक के अंतिम संस्कार के लिए स्वजन और ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। पंचमपुरा निवासी नवलकिशोर पटेल, थान सिंह पटेल, जवाहरलाल पटेल, बरुआमाफ निवासी शिवदयाल कुशवाहा, रामकिशोर कुशवाहा, नयागांव निवासी लेखराज राजपूत, बिहारी साहू, हरपाल परिहार आदि ने खंड विकास अधिकारी से गांवों में जल्द से जल्द मुक्तिधाम का निर्माण कराने की मांग की है। संवाद