संवाद न्यूज एजेंसी
एरच। शनिवार को जिलाधिकारी मृदुल चौधरी ने डिफेंस कॉरिडोर के कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
डीएम ने डिफेंस कॉरिडोर में भारत डायनामिक्स लिमिटेड (बीडीएल) द्वारा किए जा रहे निर्माण कार्य की जानकारी ली। उन्होंने कार्य समय से कराए जाने के निर्देश दिए। इस दौरान बताया गया कि कंपनी द्वारा अधिकांश निर्माण कार्य पूरा कर लिया गया है। डीएम ने सड़क, पानी और बिजली आपूर्ति व्यवस्था की जानकारी ली। इस दौरान यूपीडा के अभियंता चंद्रभूषण ने बताया कि डाली गई सड़क में कई जगह सिंचाई विभाग की माइनर की भूमि के कारण एनओसी न मिलने से कार्य अवरुद्ध है। इसके अलावा वन विभाग की भूमि की वजह से बाउंड्रीवॉल का निर्माण कार्य भी प्रभावित बना हुआ है। इस पर डीएम ने संबंधित अधिकारियों को कार्य पूरा कराने के निर्देश दिए।
इस दौरान अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) वरुण कुमार पांडेय, एसएसपी बीबी जीटीएस मूर्ती, एसडीएम गरौठा सुनील कुमार, तहसीलदार अमृत लाल समेत राजस्व कर्मी मौजूद रहे।