अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। पंचवटी कॉलोनी स्थित अंजनी माता मंदिर के पास रहने वाले रमेश प्रजापति की हत्या के 48 घंटे बाद भी पुलिस नामजद आरोपियों तक नहीं पहुंच सकी। इस मामले में रमेश की पत्नी ने अपने दूर के रिश्तेदार जितेंद्र समेत उसके दोस्तों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है लेकिन, पिछले दो दिनों से सभी आरोपी पुलिस को छका रहे हैं।
शनिवार को मुख्य आरोपी के राजस्थान में होने का सुराग लगा था लेकिन, पुलिस के पहुंचने से पहले उसने अपना ठिकाना बदलकर दिल्ली कर लिया। उधर, हमले में घायल रमेश के बेटे प्रियांशु (17) की हालत में कुछ सुधार हुआ है। शनिवार को वह होश में आया। उसने परिवार के लोगों से बात की लेकिन, पुलिस से अपनी बात कहने लायक उसकी तबीयत नहीं हुई। पुलिस उसकी हालत में सुधार होने का इंतजार कर रही है।
बृहस्पतिवार शाम रमेश की गला घोंटकर हत्या कर दी गई थी। कुछ घंटे बाद जब रमेश की बेटी महक पहुंची तब उसने जितेंद्र एवं उसके दोस्तों को घर से बाहर जाते हुए देखा। अंदर रमेश के शव के साथ भाई प्रियांशु लहूलुहान पड़ा था। पुलिस ने आरोपी जितेंद्र समेत अन्य के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करके उनकी तलाश शुरू कर दी थी। इसके बाद से जितेंद्र समेत सभी आरोपी फरार हो गए। उनकी तलाश में पुलिस टीम लगी है लेकिन, आरोपियों की लोकेशन नहीं मिल पा रही है। एसपी सिटी प्रीति सिंह का कहना है कि जितेंद्र एवं अन्य आरोपी अपनी लोकेशन लगातार बदल रहे हैं। उनके पीछे पुलिस टीम लगाई गई है।