झांसी। पांच फरवरी को होने वाले बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के 25वें दीक्षांत समारोह के लिए पदक सूची तैयार हो गई है। बीयू कैंपस की ही एमएससी कृषि एग्रोनॉमी की छात्रा दीपमाला जैन को कुलाधिपति स्वर्ण पदक दिया जाएगा। दीपमाला ने 88.80 फीसदी अंक पाकर सभी परीक्षाओं में टॉप किया है। इस बार समारोह में मेधावियों को 33 कुलाधिपति पदक बांटे जाएंगे।
बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी की इस बार की टॉपर का खिताब पाने वाली एमएससी कृषि की छात्रा दीपमाला जैन को समस्त परीक्षाओं में छात्राओं में सर्वाधिक प्राप्तांक प्रतिशत और एमएससी कृषि की परीक्षाओं में सर्वाधिक प्राप्तांक प्रतिशत के लिए एक-एक कुलाधिपति रजत पदक भी मिलेगा। कुल मिलाकर समारोह में उन्हें तीन पदक मिलेंगे। इस बार दीक्षांत समारोह में एक स्वर्ण, 13 रजत और 19 कुलाधिपति कांस्य पदक मेधावियों को बांटे जाएंगे। सूची तैयार होने के बाद बुंदेलखंड विश्वविद्यालय की वेबसाइट और कॉलेज लॉगइन पर अपलोड कर दी गई है। सूची में यदि किसी को आपत्ति हो तो 22 जनवरी की शाम पांच बजे तक दर्ज करा सकता है। आपत्ति परीक्षा नियंत्रक की ई-मेल exam@bujhansi.ac.in पर दर्ज करानी होगी। एमफिल कोर्स बंद होने के कारण इस विषय का पदक नहीं बंटेगा। इसके अलावा एमफार्मा का परीक्षा परिणाम घोषित नहीं हुआ है। ऐसे में इसका भी पदक नहीं बंटेगा।
छात्राओं का एक तरफा जलवा, दो तिहाई पदक पर कब्जा
मेधावियों की सूची में छात्राओं का एक तरफा जलवा है। 33 कुलाधिपति पदक में इस बार 22 छात्राओं और 11 छात्रों को पदक वितरित किए जाएंगे। आंकड़ों से स्पष्ट है कि छात्राओं ने दो तिहाई पदकों पर कब्जा कर लिया है। जबकि, छात्रों के हाथ महज एक तिहाई पदक ही आए हैं। पिछले कुछ सालों के आंकड़ों पर गौर करें तो लगातार छात्राएं पदक सूची में अपनी बढ़त बना रही हैं।
इन्हें मिलेगा रजत पदक
एमएससी की परीक्षाओं में टॉप करने पर एमएससी बॉटनी की छात्रा रितु शर्मा, एमए की परीक्षाओं में सर्वाधिक अंक लाने पर कालपी कॉलेज की छात्रा गुलफ्सा, एमकॉम की परीक्षाओं में टॉपर बीयू की सिमरन भुसारी, एमलिब में टॉपर बीयू कैंपस की रिशिता सोनी, एमएई की परीक्षा में सर्वाधिक प्राप्तांक पर बीयू की सौम्या त्रिपाठी, एमबीए की परीक्षाओं के टॉपर बीयू के प्रदीप कुमार सिंह, एमएड परीक्षाओं में सबसे ज्यादा अंक प्रतिशत लाने पर हरिनारायण ओमर डिग्री कॉलेज बांदा की शिखा ओमर, एमसीए के टॉपर बीयू के पवन अग्रवाल, एमएसडब्ल्यू में टॉपर बीयू के आयुष उपाध्याय, एलएलएम में टॉपर बीयू की शिवांगी मिश्रा को कुलाधिपति रजत पदक मिलेगा।
इन्हें मिलेगा कांस्य पदक
बीएससी की परीक्षाओं में सर्वाधिक प्राप्तांक प्रतिशत के लिए बीयू के आदेश, बीकॉम में टॉपर राजीव गांधी डीएवी कॉलेज बांदा के मोहित भगवानी, बीएससी कृषि में टॉपर बीयू की अस्मिता दीक्षित, एलएलबी में टॉपर पहलवान गुरुदीन विधि महाविद्यालय ललितपुर की शैजल जैन, बीलिब की टॉपर बीयू की आरुषी गुप्ता, एमबीबीएस की परीक्षाओं में सर्वाधिक अंक लाने पर महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज की अपूर्वा कनकने को पदक मिलेगा। इनके अलावा बीटेक की टॉपर बीयू की पलक द्विवेदी, बीए की परीक्षाओं में सर्वाधिक अंक लाने पर छत्रपति साहूजी महिला महाविद्यालय चित्रकूट की अर्चना विश्वकर्मा और अमृतकुंवर डिग्री कॉलेज जालौन की वैष्णवी पांडेय, बीए की परीक्षाओं में द्वितीय स्थान लाने पर अभिनव प्रज्ञा महाविद्यालय हमीरपुर की रिचा मिश्रा, बीए में तृतीय स्थान लाने पर महर्षि गौतम बुद्ध महिला महाविद्यालय बांदा की आकांक्षा देवी, बीएड में टॉपर सूरजज्ञान महाविद्यालय कोंच की नेहा सराफ, बीबीए टॉपर चंद्रशेखर आजाद इंस्टीट्यूट ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी की तनु सोनी, बीएससी ऑनर्स के टॉपर बीयू कैंपस के वैभव अग्रवाल, बीपीएड टॉपर एकलव्य महाविद्यालय बांदा के संजय प्रताप सिंह, बीपीईएस टॉपर बीयू के हनी मिश्रा, बीएचएम टॉपर बीए के तनय कुलश्रेष्ठ, बीएएलएलबी टॉपर बीयू के अवनीश गुप्ता, बीफार्मा टॉपर बीयू की निहारिका मिश्रा को कुलाधिपति पदक मिलेगा।