फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जगह-जगह पड़े शव देख सिहर उठे ग्रामीण

Tue, 04 Dec 2018 02:28 AM IST
jhansi
विज्ञापन
truck accident - फोटो : demo
विज्ञापन
सोमवार तड़के रतनगढ़ वाली माता मंदिर जाते समय बूढ़ा भोजला के पास ट्रक और ट्रॉली में हुई जोरदार टक्कर के बाद चीखपुकार सुनकर गांव के लोग मौके पर पहुंचे। सड़क पर श्रद्धालुओं का खून और क्षत-विक्षत शव देखकर बूढ़ा भोजला के ग्रामीण सिहर उठे। वाहन और मोबाइल से रोशनी कर ग्रामीणों ने ट्रॉली में फंसे लोगों को बाहर निकाला। घायलों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। घटना के बाद राजमार्ग पर लंबा जाम लग गया। दो-ढाई घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस ने आवागमन सुचारु कराया।
विज्ञापन

घटना के एक दिन पहले ही श्रद्धालुओं ने रतनगढ़ वाली माता मंदिर पर जवारे विसर्जन करने का निर्णय लिया था। आनन-फानन बने कार्यक्रम की वजह से सभी 45 लोग दो ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर चल दिए। आगे चल रही ट्रॉली में लगभग 20 महिलाएं व पीछे चल रही ट्रॉली में 25 लोग सवार थे। सभी घर से खुशी-खुशी निकले थे। थाना सीपरी बाजार अंतर्गत बूढ़ा भोजला के पास तेज गति से आ रहे ट्रक ने ओवरटेक करने का प्रयास किया। इस दौरान ट्रक ने पीछे चल रही ट्रॉली से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि ट्रॉली पलटकर ट्रक के आगे वाले हिस्से में फंसकर काफी दूर तक घिसटती चली गई। हादसे में पांच की मौत हो गई और 11 घायल हो गए। घायलों में चार बच्चे भी शामिल हैं। ट्रक चालक भी गाड़ी के अंदर फंस जाने के कारण बाहर नहीं निकल सका।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि उसकी आवाज से बूढ़ा भोजला के ग्रामीणों की आंख खुल गई। चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनकर ग्रामीण राजमार्ग की तरफ भागे। दूसरी ट्रॉली में बैठी महिलाएं यह दृश्य देखकर कांप उठीं। हालांकि, कई महिलाओं ने हिम्मत कर अंधेरे में अपनों को खोजबीन शुरू कर दी। जिन श्रद्धालुओं की सांसें टूट चुकी थीं, उन्हें देखकर महिलाएं जोर-जोर से रोने लगीं। वहीं, मौके पर पहुंचे बूढ़ा भोजला के ग्रामीण भी सड़क के चारों तरफ खून और क्षत-विक्षत शव देखकर सिहर उठे। दृश्य देखकर गांव वालों की आंखें भी नम हो गईं। इस दर्दनाक हादसे के बाद राजमार्ग पर जाम लग गया। एक तरफ से वाहनों का निकलना भी बंद हो गया।
विज्ञापन

 खबर मिलते ही सीपरी बाजार प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार वर्मा, ग्वालियर रोड चौकी प्रभारी प्रमोद कुमार, एसआई जितेंद्र सिंह, राजीव सिंह ने मौके पर पहुंचे। गांव वालों की मदद से रात के अंधेरे में मोबाइल टॉर्च व गाड़ी की रोशनी से ट्रॉली में फंसे श्रद्धालुओं को बाहर निकाला गया और मेडिकल भेजा गया। बाद में क्रेन बुलाकर दोनों वाहनों को रास्ते के किनारे किया गया, तब जाकर दो घंटे बाद यातायात सुचारु हो सका। इधर, घटना की खबर मिलते ही डीआईजी सुभाष सिंह बघेल, एसएसपी डॉ. ओपी सिंह ने मेडिकल कॉलेज पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना। पोस्टमार्टम हाउस पहुंचकर मृतक के परिजनों से वार्ता की।

अकेले कमाने वाले थे करन व हरीसिंह
भजनपुरा निवासी करन सिंह व हरीसिंह खेती कर परिवार के अकेले कमाने वाले थे। दोनों की मौत की खबर सुनकर परिवार में कोहराम मच गया। गांववालों ने बताया कि दोनों को बच्चों की शादी की चिंता भी थी।

जिंदा समझकर कर रहे थे प्रार्थना
हादसे में पांच लोगों की मौत की खबर मिलते ही जहां मृतकों के घर में कोहराम मच गया था, वहीं गांव वालों ने मृतकों के बच्चों को घायल होेने की जानकारी दी थी। सुबह पूरे परिवार के लोग मेडिकल कॉलेज पहुंचे और इमरजेंसी में पहुंचकर अपनों को खोजते रहे। उनको बताया गया कि उपचार चल रहा है। इस पर मृतकों के परिजन उनके जिंदा होने की दुआएं करने लगे। दोपहर बाद सच्चाई पता चली तो दहाड़ मारकर रोने लगे।

अपना दर्द भूल दूसरों को देने लगे ‘दवा’
झांसी। मेडिकल कॉलेज में भर्ती घायलों का दर्द देखकर दूसरे मरीज अपना मर्ज भूल गए। इमरजेंसी वार्ड में भर्ती मरीज व उनके तीमारदार घायलों की मदद करने में जुट गए। घायलों के परिजनों को कभी पानी पिलाते तो कभी चाय की पूछते।
सोमवार की तड़के निवाड़ी के बिहारीपुरा व असाठी गांव के लिए काल बनकर आया। एक साथ पांच लोगों की मौत की खबर ने गांव के लोगों की आंखें नम कर दी। गांव में लोगों ने चूल्हा तक नहीं जलाया। आलम यह रहा कि गांव के अधिकांश लोग सीधे मेडिकल कॉलेज पहुंच गए। वहीं, घटना की खबर सुनकर पहुंचे ग्रामीण कभी मृतकों के परिजनों को सांत्वना देते तो कभी घायलों के परिजनों को समझाते रहे। उनको देखकर मेडिकल कॉलेज में भर्ती अन्य मरीजों के तीमारदार भी सांत्वना देने लगे।


दो माह में यह हुईं दुर्घटनाएं
----------------------

- 17 अक्तूबर-   सेंवढ़ा के ग्राम नहला के करीब बाइक फिसलकर खाई में जा गिरी जिससे उस पर सवार तीन लोग घायल हो गए।
-19 अक्तूबर- रतनगढ़ मंदिर के पास ट्रैक्टर पलटने से भिंड के राजवीर व सुनील की  मौत हो गई। कई लोग घायल हो गए।
-  21 अक्तूबर- रतनगढ़ माता मंदिर पर श्रद्धालुओं से भरा लोडिंग वाहन पेड़ से टकरा गया जिससे उसमें सवार निवाड़ी के एक दर्जन लोग घायल हो गए।
- आठ नंवबर- ट्रैक्टर ट्रॉली अनियंत्रित होकर दस फीट गहरी खाई में जा गिरी। ट्रॉली में करीब चालीस लोग सवार थे, जिनमेंसे कई घायल हो गए।
- दीपावली के बाद गोवर्धन पर्व पर ओरछा से दर्शन करके लौट रहे ग्रामीणों से भरी पिकअप गाय बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर पलट गई। इसमें सिलगन गांव के ही छह लोगों की मौत हो गई।
विज्ञापन

- सागर हाइवे पर मध्य प्रदेश के क्षेत्र में ट्रक और ट्रॉला की टक्कर में ललितपुर निवासी कई लोगों की मौत हो गई।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें