झांसी। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय (बीयू) ने परिसर एवं संबद्ध कॉलेजों के स्नातक-परास्नातक (यूजी-पीजी) के प्रथम एवं तृतीय सेमेस्टर के परीक्षा फाॅर्म भरने की अंतिम तिथि 16 नवंबर तक बढ़ा दी है। शुक्रवार तक 53 हजार से ज्यादा विद्यार्थियों के परीक्षा फॉर्म नहीं भरे हैं।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार बीयू एवं संबद्ध कॉलेजों में यूजी-पीजी के पांचवें व सातवें सेमेस्टर के 69017 विद्यार्थियों में से 63878 ने बीयू की साइट पर परीक्षा फाॅर्म भर दिए हैं। वहीं, समर्थ पोर्टल की साइट पर तकनीकी खामी अथवा सर्वर के समय-समय पर डाउन होने की वजह से यूजी-पीजी प्रथम एवं तृतीय सेमेस्टर के 182076 विद्यार्थियों में से 128749 विद्यार्थी ही शुक्रवार तक परीक्षा फाॅर्म भर सकें हैं। वहीं, 53347 विद्यार्थी परीक्षा फाॅर्म भरने से वंचित हैं। इस स्थिति को देख बीयू प्रशासन ने शुक्रवार को तीसरी बार परीक्षा फाॅर्म भरने की अंतिम तिथि 16 नवंबर सोमवार तक बढ़ा दी है। परीक्षा नियंत्रक राजबहादुर ने बताया कॉलेजों व छात्रों की मांग पर परीक्षा फार्म भरने की अंतिम तिथि 16 नवंबर तक बढ़ा दी है।
-डेटशीट सोमवार को हो सकती है जारी
परीक्षा नियंत्रक ने बताया कि विषम सेमेस्टर की परीक्षाएं 25 नवंबर से शुरू कराने की अनंतिम डेट शीट जारी करके आपत्तियां मांगी गई थी। जितनी भी आपत्तियां आई थीं, उनका निराकरण कर लिया गया है। सोमवार को कुलपति के साथ बैठक करके अंतिम डेट शीट जारी की जाएगी। पूरा प्रयास है कि सोमवार को डेट शीट जारी कर दी जाए।