संवाद न्यूज एजेंसी
झांसी। बिजली कार्यालय 30 अप्रैल तक ई-ऑफिस किए जाने के निर्देश थे। यह समय सीमा गुजर चुकी है, लेकिन अभी तक सिस्टम अपग्रेड नहीं हो सका। अभी फाइलों की स्कैनिंग का कार्य चल रहा है। यह पूर्ण होने के बाद ही सिस्टम में बदलाव हो सकेगा।
उत्तर प्रदेश पावर कारपोरेशन के निर्देश पर बिजली कार्यालयों में काम करने के पुराने ढर्रे में बदलाव करते हुए यहां ई-ऑफिस सिस्टम लागू किया जा रहा है। पुरानी फाइलों को स्कैन कर सिस्टम पर अपलोड कर व्यवस्था ऑनलाइन किए जाने के निर्देश दिए गए हैं। इसके बाद ई-ऑफिस कल्चर लागू कर दिया जाएगा।
ई-ऑफिस लागू होने के बाद न केवल सभी फाइलों का आदान प्रदान ऑनलाइन होगा, बल्कि बाबू व टेबल सिस्टम पर चक्कर लगाने से भी मुक्ति मिलेगी। अभी तक बेवजह जो फाइलें रुकती थीं, वह नहीं रुकेंगी और कार्य में पारदर्शिता आएगी। यह कार्य 30 अप्रैल को होना था, लेकिन यह धीमा बना हुआ है।
चीफ, एसई व एक्सईएन सभी कार्यालय होंगे ई-ऑफिस
ई-ऑफिस सिस्टम सभी विद्युत कार्यालयों में लागू किया जाना है। झांसी जोन अन्तर्गत मुख्य अभियंता, अधीक्षण अभियंता व अधिशाषी अभियंता कार्यालय में यह कार्य प्रोसेस में है। जल्द ही इन ऑफिस में सभी कार्य ऑनलाइन तरीके से शुरू कर दिए जाएंगे।
ई-ऑफिस सिस्टम से यह होगा फायदा
ई ऑफिस सिस्टम से कार्य जल्द व आसानी से होगा, साथ ही इसमें पारदर्शिता आएगी। साथ ही भ्रष्टाचार पर लगाम लगेगी। पुराने टेबिल-टेबिल फाइलें दौड़ने का सिस्टम खत्म होगा, सभी फाइलें और शिकायतें ऑनलाइन तरीके से निस्तारित होंगी।
विद्युत विभाग के सभी कार्यालयों की फाइलों की स्कैनिंग की जा रही है। यह पूर्ण कर ई-ऑफिस सिस्टम लागू होगा। यह कार्य 30 अप्रैल तक पूर्ण करना था, लेकिन कार्य में देरी हुई है। जल्द ही इसे लागू किया जाएगा। - चंद्रजीत प्रसाद, अधीक्षण अभियंता नगर, विद्युत वितरण मंडल झांसी