अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। बबीना के आरा मशीन के पास कुएं से युवक का शव बरामद हुआ है। वह आठ दिनों से लापता था। परिजन ने पड़ोस में रहने वाले ढाबा संचालक पर हत्या करने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। शुक्रवार को नाराज परिजन ने झांसी-ललितपुर राजमार्ग पर जाम लगा दिया।
परिजन पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगा रहे थे। करीब 40 मिनट तक यातायात ठप रहा। वहां वाहनों की कतार लग गई। पुलिस ने किसी तरह समझा-बुझाकर नाराज परिजन को शांत कराया। पोस्टमार्टम कराने के साथ पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। ओरछा (मध्य प्रदेश) के काली पहाड़ी गांव निवासी राकेश झा (36) पुत्र अखेराज सूरत की कपड़ा फैक्टरी में काम करता था।
परिजन ने बताया कि 5 मई को राकेश की भतीजी की शादी थी। उसमें शामिल होने राकेश 27 अप्रैल को गांव आया था। एक मई काे राकेश को पड़ोस में रहने वाला ढाबा संचालक अपने साथ ले गया। रात में राकेश लौटकर नहीं आया। परिजन के तलाशने पर उन दोनों के मोबाइल नंबर स्विच ऑफ मिले। परिजन ने ओरछा थाने में गुमशुदगी दर्ज करा दी।
बृहस्पतिवार शाम राकेश की लाश थाना बबीना के आरा मशीन के पास एक पुराने कुएं में पड़ी मिली। शव करीब आठ दिन पुराना बताया जा रहा है। इस वजह से शव काफी हद तक नष्ट हो चुका था। राकेश का शव मिलने की सूचना पर परिवार के लोग पहुंच गए। परिजन ने ढाबा संचालक पर हत्या का आरोप लगाया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। 24 घंटे बीत जाने के बाद भी पुलिस की कार्रवाई न होने से परिजन शुक्रवार को भड़क उठे।
गांव वालों के साथ परिवार के लोग झांसी-ललितपुर हाईवे पहुंचकर जाम लगा दिए। करीब आधे घंटे तक जाम के दौरान हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। जाम लगने की सूचना पर पुलिस अफसर भी पहुंच गए। किसी तरह उन्हें समझाकर शांत कराया गया। सीओ सदर लक्ष्मीकांत गौतम के मुताबिक, युवक की गुमशुदगी मध्य प्रदेश में दर्ज कराई गई थी। मामले की छानबीन चल रही है।
इनसेट
50 हजार रुपये के विवाद में हत्या का आरोप
राकेश के परिजन का कहना है कि उसने पड़ोस में रहने वाले ढाबा संचालक को 50 हजार रुपये उधार दिए थे। यह पैसा ढाबा संचालक वापस नहीं कर रहा था। राकेश के पैसे मांगने पर वह उसे धमका भी रहा था। ढाबा संचालक के साथ लापता होने के बाद उन लोगों ने पुलिस से शिकायत की, लेकिन पुलिस ने सुनवाई नहीं की। राकेश की लाश मिलने के बाद परिवार में मातम छा गया। कुछ दिन बाद ही उसकी भतीजी की शादी होनी है। उसकी मौत से परिवार में रोना-पिटना मचा है।