टहरौली (झांसी)। घर से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता युवक का शव मंगलवार को टहरौली इलाके के बंगरा से फूल खिरिया की ओर जाने वाली सड़क के पास संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा मिला। उसके शरीर पर चोट के कोई निशान नहीं थे। इस वजह से मौत की वजह साफ नहीं हुई। परिजन हत्या की आशंका जता रहे हैं हालांकि पुलिस इससे इंकार कर रही है। शव मिलने की सूचना पर एसएसपी शिवहरि मीना, सीओ टहरौली अनुज सिंह भी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने घटना की पड़ताल शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है शंकरगढ़ निवासी शिशुपाल (40) पुत्र सरजू प्रसाद अहिरवार काफी समय से पत्नी अर्चना और बेटी दीक्षा के साथ अपनी थाना गुरसराय के सरसेंडा स्थित अपनी ससुराल में रहता था। उसका बेटा रिंकू हत्या के एक मामले में जेल में बंद है। सोमवार को उसकी पत्नी एवं बेटी वहां पहुंची लेकिन, शिशुपाल वहां नहीं था। परिजनों ने उसका पता लगाया लेकिन, उसका कहीं भी पता नहीं चला। परेशान होकर परिजनों ने पुलिस को उसके लापता होने की सूचना दी। मंगलवार को उसका शव खिरिया की ओर जाने वाले रास्ते पर पड़ा मिला। शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। गांव के लोग भी जुट गए। पुलिस को सूचना दी गई। थोड़ी देर में पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। मौके पर डॉग स्क्वायड को बुलवाया गया हालांकि देर-रात तक उसकी मौत की वजह साफ नहीं हो सकी है।
शरीर पर किसी तरह के चोट के निशान नहीं मिले हैं। पोस्टमार्टम कराने के बाद ही मौत की वजह मालूम चल सकेगी। पोस्टमार्टम कराने के लिए उसका शव भेज दिया गया है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। परिजनों की ओर से अभी तहरीर नहीं मिली है।
अनुज कुमार सिंह
सीओ, टहरौली