पहली से हुआ ब्रेकअप तो दूसरी करीब आ गई
बंगलाघाट मोहल्ला निवासी अजय वर्मा (28) पुत्र किशनचंद बड़ागांव गेट बाहर स्थित पटाखा दुकान पर काम करता था। परिजनों के मुताबिक, मोहल्ले में रहने वाली युवती से उसके प्रेम संबंध थे लेकिन कुछ माह पहले दोनों में अनबन हो गई। इसके बाद अजय ने इंस्टाग्राम के जरिये कानपुर निवासी युवती से दोस्ती कर ली। वह युवती दतिया निवासी युवक के करीब आ गई। अजय का दतिया निवासी युवक से झगड़ा हो गया। युवक ने अजय को धमकाना शुरू कर दिया।
15 दिन से परेशान था अजय
इधर, मोहल्ले में रहने वाली प्रेमिका से अजय की फिर दोस्ती हो गई। यह बात जब युवती के परिजनों को लगी, तब उन लोगों ने अजय से मारपीट की। युवती की शादी दूसरी जगह तय कर दी। इस वजह से अजय 15 दिनों से परेशान था। पिता किशन के मुताबिक, शनिवार रात अजय को फोन करके किसी ने बाहर बुलाया। उसके बाद अजय लौटकर घर नहीं आया। घर से करीब पांच किलोमीटर दूर गणेश चौराहे के पास रेलवे लाइन के करीब पुलिस को अचेत हाल में मिला। उसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। रविवार को उसने दम तोड़ दिया। सोमवार को परिजनों के पहुंचने पर उसकी शिनाख्त हुई। सीपरी बाजार थाना प्रभारी अखिलेश द्विवेदी के मुताबिक, शरीर पर चोट के निशान मिले हैं। मौत की वजह साफ नहीं हो सकी है। इसकी छानबीन के लिए आसपास के सीसीटीवी कैमरों को खंगाला जा रहा है।
त्रिकोणीय प्रेम कहानी में उलझी मौत की गुत्थी
चार भाइयों में अजय तीसरे नंबर का था। पिता किशनलाल सिलाई का काम करते हैं लेकिन अब उनको कम दिखता है। अजय समेत अन्य भाई मिलकर परिवार का खर्च उठाते हैं। अजय ने पढ़ाई लिखाई ज्यादा नहीं की। सारा समय मोबाइल में व्यस्त रहता था। उसके सुसाइड करने की बात परिजनों के गले नहीं उतर रही है। उनका कहना है कि शनिवार रात जब वह सोने की तैयारी कर रहा था, तभी किसी का फोन आया। फोन करने वाले के साथ उसका झगड़ा हुआ। इसके बाद वह घर से निकल गया। दूसरी प्रेमिका का प्रेमी भी अजय को कई बार धमका चुका था। अजय का मोबाइल फोन भी बरामद नहीं हुआ। पुलिस मामले की गुत्थी सुलझाने के लिए सीसीटीवी कैमरे समेत उसके मोबाइल की सीडीआर खंगालने में जुटी है।