मेजर ध्यानचंद स्टेडियम के एस्ट्रोटर्फ के चारों ओर लगेंगी फ्लड लाइटें।
झांसी। मेजर ध्यानचंद की नगरी झांसी में वर्ष 2020 हॉकी के लिए स्वर्णिम रहेगा। स्मार्ट सिटी के अंतर्गत मेजर ध्यानचंद स्टेडियम के एस्ट्रोटर्फ पर फ्लड (हैवी) लाइट्स लगेगी। ताकि दुधिया रोशनी में डे नाइट मैच भी आयोजित हो सके। इससे अंतरराष्ट्रीय मैच के आयोजन भी संभव हो जाएंगे।
एस्ट्रोटर्फ पर 23 जनवरी से हॉकी इंडिया द्वारा सीनियर नेशनल पुरुष हॉकी प्रतियोगिता होने जा रही है। इसमें देश के कई नेशनल व इंटरनेशनल ख्याति प्राप्त हॉकी के खिलाड़ी और दिग्गज शामिल होंगे। इस प्रतियोगिता में जो खिलाड़ी बेहतर प्रदर्शन दिखाएगा उसका चयन भारत की सीनियर हॉकी टीम में होगा। वहीं एस्ट्रोटर्फ पर अंतरराष्ट्रीय स्तर के मैच हो और हॉकी को अधिक से अधिक बढ़ावा मिले। इसक ी तैयारियां शुरू हो गई है। स्मार्ट सिटी के अंतर्गत खेलों के लिए पांच करोड़ रुपये का बजट बनाया गया है। इसमें स्टेडियम के एस्ट्रोटर्फ पर चारों ओर 72 से अधिक फ्लड लाइट्स लगाए जाएंगे। साथ ही इलेक्ट्रानिक स्कोर बोर्ड भी तैयार किया जाएगा। मंडलायुक्त सुभाष चंद्र शर्मा ने बताया कि स्मार्ट सिटी के तहत यह प्रस्ताव शामिल है। फ्लड लाइट लगने से डे नाइट मैच होंगे और हॉकी को व्यापक बढ़ावा मिलेगा।