झांसी। मेडिकल कॉलेज के सर्जरी विभाग की टीम ने बुधवार को 14 साल की बालिका का सफल ऑपरेशन कर उसके पेट से आठ किलो की गांठ निकाली। बालिका दो साल से बीमारी से पीड़ित थी। ऑपरेशन के बाद बालिका को राहत मिली है।
टहरौली के गांव परसई निवासी महेश कुमार की बेटी सपना को बीते दो साल से पेट में दाईं ओर दर्द होता था। परिजनों ने बेटी का कई डॉक्टरों के यहां इलाज कराया, लेकिन राहत नहीं मिल सकी। 30 दिसंबर को परिजनों ने सपना को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया, तो पेट में गांठ बताई गई। सर्जरी विभाग के डॉक्टरों ने सपना का ऑपरेशन कर पेट से आठ किलो की पानी से भरी गांठ निकाली।
विभाग के प्रोफेसर डॉ. राजीव सिन्हा ने बताया कि बालिका का लैप्रोस्कोपी से इलाज किया गया। दूरबीन विधि से ऑपरेशन कर गांठ निकाली गई। बालिका को दर्द से राहत मिली है। ऑपरेशन के दौरान डॉ. राकेश फौजदार, डॉ. अविनाश, डॉ. अदील, डॉ. शिव, डॉ. माताप्रसाद, डॉ. बृजेश यादव, डॉ. गौथमान, डॉ. सिद्घार्थ, डॉ. मुक्तेश, डॉ. इमरान, डॉ. अशोक, डॉ. फहद, डॉ. अमित, डॉ. अनिल समेत तमाम स्टाफ मौजूद रहा।