अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। बुंदेलखंड औद्योगिक विकास प्राधिकरण (बीडा) प्रशासन जमीन का मुआवजा बांटने में जुटा है, लेकिन इस भारी-भरकम मुआवजे ने घर-घर विवाद पैदा कर दिया। रक्सा के छत्तुपुर गांव में ससुर को मिले मुआवजे पर बहू ने दावा ठोंकते हुए हिस्से की मांग की है। ससुर के इन्कार करने पर उसने रक्सा थाने में ससुर के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
बीडा के अंतर्गत 33 गांवों में भू-अधिग्रहण किया जा रहा है। इन गांवों में मुआवजे की रकम बांटी जा रही है। छत्तुपुर गांव निवासी प्रेम सिंह के खाते में एक गाटा जमीन के 18 लाख रुपये आए। प्रेम सिंह ने दो बेटों के बीच हिस्सा बांट दिया, लेकिन बहू अभिलाषा भी हिस्से की मांग कर रही हैं। उनका कहना है कि पति के साथ उनको भी मुआवजे में हिस्सा मिलना चाहिए। ससुर से हिस्सा मांगने पर उन्होंने इन्कार कर दिया। इसके अलावा उसको अब धमका भी रहे हैं। थानाध्यक्ष राहुल राठौर के मुताबिक बहू की ओर से प्रार्थना पत्र दिया गया है। मामले की जांच कराई जा रही है।