दतिया/ झांसी। दतिया राजघराने में संपत्ति को लेकर बुधवार को खासा बवाल हो गया। सेंवढ़ा विधायक घनश्याम सिंह के चचेरे भाई, उनकी मां के अलावा दो लोगों के साथ मारपीट की गई। गाड़ियां तोड़ दी गई। इस मामले में विधायक के 15 से बीस समर्थकों के खिलाफ मारपीट, बलवा और हत्या की धमकी दिए जाने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। उधर, कांग्रेस विधायक ने भी परिवार के सदस्यों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर दी है। देर रात तक रिपोर्ट दर्ज न होने पर कांग्रेसियों ने धरना देकर नारेबाजी की।
लखनऊ के खुर्शीदबाग निवासी गिरिराज सिंह पुुुत्र स्व. महाराज केशव सिंह ने कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह अपनी मां हेमलता सिंह के साथ तीन नवंबर को अपने पैतृक घर दतिया स्थित किले में आए थे। उनसे मिलने के लिए रिश्तेदार अशोक विक्रम के साथ आशीष श्रीवास्तव आए। आरोप है कि ताऊ के पुत्र सेंवढ़ा से कांग्रेस विधायक घनश्याम सिंह ने उन लोगों को किले के अंदर नहीं आने दिया।
जानकारी होने पर वह इन लोगों को अंदर ले आए। इस पर घनश्याम सिंह से विवाद हो गया। चार नवंबर की दोपहर दो बजे ये लोग उनसे मिलने फिर आए तो घनश्याम सिंह ने कहा कि अखाड़े के सामने जिन कमरों में तुम लोग रह रहे हो, उन्हें खाली कर दो। उन्होंने कमरे खाली करने से मना किया तो विधायक के साथ मौजूद लोगों ने गालीगलौज की। रोकने पर विधायक समर्थकों ने उन्हें, मां हेमलता सिंह, रिश्तेदार अशोक विक्रम और आशीष श्रीवास्तव के साथ मारपीट की, जिससे सभी लोग घायल हो गए। उनकी बोलेरो तथा रिश्तेदार अशोक विक्रम की ऑल्टो कार में भी तोड़फोड़ की। पुलिस ने गिरिराज सिंह की रिपोर्ट पर विधायक समर्थकों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
विधायक ने कहा- जबरन घुसे किले में, ताले काटे
इस मामले में विधायक घनश्याम सिंह ने बताया कि गिरिराज सिंह तथा हेमलता सिंह उनके परिवार के हैं। उनका इन लोगों से संपत्ति का किसी भी प्रकार का विवाद नहीं है। इन लोगों को हिस्सा काफ ी पहले ही दिया जा चुका है। गिरिराज सिंह और हेमलता सिंह अपने लोगों के साथ जबरन किले में घुस आए और इलेक्ट्रिक कटर से ताले काट दिए। जब उन लोगों को रोका तो विवाद करने लगे। इस संबंध में उन्हाेंने भी पुलिस को आवेदन दिया है।
जांच के बाद होगी कार्रवाई
पुुलिस अधीक्षक गुुरुकरण सिंह ने बताया कि विधायक घनश्याम सिंह ने पुलिस को आवेदन देकर अपने रिश्तेदारों की शिकायत की है। जांच के बाद ही कार्रवाई की जाएगी।