झांसी। साइकिलिंग में दिलचस्पी रखने वालों के लिए खुशखबरी है। नगर निगम साइकिलिंग करने वालों के लिए खास तौर से अलग पार्क बनाने की तैयारी कर रहा है। इसे एडवेंचर साइकिलिंग ट्रैक के तौर पर विकसित किया जाएगा। इससे लोग रोमांच का भी लुत्फ उठा सकेंगे। स्मार्ट सिटी मिशन के तहत यह प्रस्ताव बनाया जा रहा है। मंजूरी के लिए इसे बोर्ड के सामने पेश किया जाएगा।
पर्यावरण को साफ-सुथरा रखने के लिए शहर में पार्कों की संख्या बढ़ाई जानी है। महापौर रामतीर्थ सिंघल ने इसे देखते हुए साइकिलिंग के लिए भी विशेष पार्क विकसित करने का प्रस्ताव रखा था। निगम अफसरों के मुताबिक अभी ऐसे पार्क मुंबई, बंगलौर, पुणे जैसे बड़े शहरों में ही बने हुए हैं। यहां खास तौर से साइकिलिंग के लिए अलग-अलग ट्रैक बनाए जाएंगे। अप एंड डाउन के लिए अलग-अलग रास्ते होंगे। सामान्य साइकिलिंग के अलावा बच्चों के लिए अलग से ट्रैक होगा। एडवेंचरस साइकिलिंग के शौकीनों के लिए भी खास तौर से अलग ट्रैक होगा। यहां तीखा घुमावदार एवं चढ़ाई भरा ट्रैक होगा। इसे बनाने के लिए विशेषज्ञ बुलाए जाएंगे। अफसरों का कहना है फिलहाल ऐसी जगह खोजी जा रही, जहां लोग आसानी से पहुंच सकें। फिलहाल तीन स्थान चिन्हित हुए हैं। अंतिम स्थान तय होने के बाद बोर्ड के पास प्रस्ताव भेजा जाएगा। मंजूरी के बाद डीपीआर तैयार कराया जाएगा। अपर नगर आयुक्त शादाब असलम के मुताबिक बोर्ड से प्रस्ताव पारित होने के बाद ही काम शुरू होगा।
किराए पर उपलब्ध होंगी साइकिलें
स्मार्ट सिटी मिशन के जरिए साइकिलें भी किराए पर उपलब्ध कराए जाने पर विचार चल रहा है। कई स्मार्ट सिटी में इस योजना को अमली जामा पहनाया जा चुका। वहां यह प्रोजेक्ट सफलता पूर्वक चल रहा है। इन जगहों में निर्धारित घंटों के मुताबिक किराए पर साइकिल ली जा सकती है। इस्तेमाल के बाद उनको वापस स्टैंड पर वापस करना होता है। पे एंड यूज सिस्टम पर यह काम करती हैं। साइकिल पार्क में ही यह सहूलियत उपलब्ध कराई जाएगी।