झांसी। झांसी-बबीना रेलखंड के अंतिम परीक्षण के लिए बुधवार को रेल संरक्षा आयुक्त (सीआरएस) यहां पहुंचेंगे। परीक्षण के बाद उनकी हरी झंडी मिलने पर यह ट्रैक सामान्य यातायात के लिए खोल दिया जाएगा। इस ट्रैक के आरंभ होने से बीना से मथुरा के बीच ट्रेनों की गति में इजाफा हो सकेगा।
जनसंपर्क अधिकारी मनोज कुमार सिंह के मुताबिक झांसी-बीना रेलखंड के बीच करीब 25.35 किमी लंबी तीसरी रेल लाइन झांसी से बबीना के बीच बिछाई जा चुकी। इसके परीक्षण के लिए बुधवार को पूर्वोत्तर परिमंडल के रेल संरक्षा आयुक्त मो.लतीफ खान यहां पहुंचेंगे। इस दौरान नवनिर्मित ट्रैक पर पूरी रफ्तार से ट्रायल ट्रेन को दौड़ाकर इसकी मजबूती परखी जाएगी। इसके अलावा खंड के अंतर्गत आने वाले ब्रिज, ट्रैक सिग्नल, इंस्टालेशन एवं वायरिंग का भी परीक्षण होगा। पीआरओ ने ट्रैक के परीक्षण को देखते हुए आम लोगों से मवेशियों समेत खुद भी परीक्षण स्थल से दूर रहने को कहा है। इस रूट के आरंभ हो जाने से नई ट्रेनों के संचालन का न सिर्फ रास्ता साफ हो सकेगा बल्कि गाड़ियों के संचालन में समय की भी बचत होगी। ट्रेनों का संचालन भी बेहतर होगा।