झांसी। छठ पर्व पर घर जाने और दिवाली मनाकर लौटने वाले यात्रियों की भीड़ बुधवार से रेलवे स्टेशन और बस अड्डे पर बढ़ने लगी है। बृहस्पतिवार से यात्रियों की संख्या और बढ़ने की आशंका को देखते हुए रेलवे और परिवहन विभाग ने अतिरिक्त इंतजाम किए हैं। गोरखपुर के लिए एक दिन में 18 से अधिक बसों का संचालन किया गया, जबकि सामान्य दिनों में यहां के लिए एक-दो बसें ही जाती हैं।
डीआरएम अनिरुद्ध कुमार ने यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। उन्होंने ग्वालियर-बरौनी एक्सप्रेस के आने के समय प्लेटफॉर्म पर यात्रियों की आवाजाही का जायजा लिया। अधिकारियों और कर्मचारियों को सतर्कता और जिम्मेदारी से ड्यूटी करने के निर्देश दिए। कहा कि यात्रियों को स्टेशन पर किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने प्लेटफॉर्म और स्टेशन परिसर में लगातार निगरानी रखने, भीड़ को व्यवस्थित करने और सीसीटीवी कैमरों के जरिये भीड़भाड़ वाले स्थानों पर नजर रखने को कहा। डीआरएम ने खानपान स्टॉलों का भी निरीक्षण किया। कैटरिंग कर्मचारियों को खाद्य पदार्थों की शुद्धता और गुणवत्ता बनाए रखने के साथ साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उनके निर्देश पर नियमित कर्मचारियों के अलावा अतिरिक्त कर्मचारियों की भी ड्यूटी लगाई गई है।
विशेष ट्रेनों के भी लगाए जाएंगे अतिरिक्त फेरे
यात्रियों की सुविधा के लिए बीदर-हजरत निजामुद्दीन-बीदर विशेष ट्रेन चलाई जाएगी। यह ट्रेन बीदर से 19 नवंबर और हजरत निजामुद्दीन से 22 नवंबर को रवाना होगी। बीदर से ट्रेन सुबह 10 बजे चलकर जहीराबाद, सिकंदराबाद, नागपुर, इटारसी, भोपाल, झांसी, ग्वालियर और आगरा कैंट होते हुए रात 20:40 बजे हजरत निजामुद्दीन पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन हजरत निजामुद्दीन से सुबह 10:30 बजे रवाना होकर मथुरा और झांसी होते हुए बीदर पहुंचेगी।
इसके अलावा नागपुर-समस्तीपुर-नागपुर विशेष ट्रेन के 18 से 25 नवंबर तक दो अतिरिक्त फेरे लगाए जाएंगे। पुणे-दानापुर-हडपसर विशेष ट्रेन के भी 14 से 30 नवंबर तक 11 अतिरिक्त फेरे संचालित किए जाएंगे।
गोरखपुर और लखनऊ के लिए चलीं सबसे ज्यादा बसें
भाई दूज और छठ पर्व के चलते बस अड्डे पर भी यात्रियों की भीड़ रही। भाई दूज पर मायके आईं बहनों ने ललितपुर, महोबा और उरई सहित आसपास के क्षेत्रों के लिए यात्रा की। वहीं, छठ पर्व पर गोरखपुर की ओर जाने वाले यात्रियों की संख्या अधिक रही।
यात्रियों की भीड़ को देखते हुए गोरखपुर के लिए शाम तक करीब 18 बसों का संचालन किया गया, जबकि सामान्य दिनों में एक या दो बसें ही इस मार्ग पर चलती हैं। लखनऊ और कानपुर के लिए भी सामान्य दिनों की तुलना में दोगुनी बसें चलाई गईं। आरएम उमेश आर्य ने बताया कि गोरखपुर और लखनऊ के लिए यात्रियों की संख्या के अनुसार बसों का संचालन किया गया है। गोरखपुर के लिए एक दिन में 18 से अधिक बसें रवाना हुई हैं।