झांसी। आलू की अच्छी पैदावार के लिए नवंबर का महीना महत्वपूर्ण है। रानी लक्ष्मीबाई केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय के वैज्ञानिक डॉ. सौरभ सिंह ने किसानों को विशेष कृषि परामर्श दिया है। उन्होंने समय पर बोआई, उन्नत किस्मों और वैज्ञानिक तकनीकों पर ध्यान देने को कहा। संतुलित सिंचाई, गुणवत्तायुक्त बीज और बीज उपचार बेहतर उत्पादन का आधार हैं। आलू की खेती के लिए भुरभुरी दोमट मिट्टी उपयुक्त होती है। बोआई के लिए 25 से 30 ग्राम वजन वाले स्वस्थ बीज कंदों का प्रयोग करें। डॉ. सिंह ने कुफरी चिप्सोना-1, कुफरी ज्योति और कुफरी पुखराज जैसी उन्नत किस्में सुझाईं। किस्मों का चयन मिट्टी, जलवायु और बाजार की मांग के अनुसार करना चाहिए। बोआई के समय खेत में पर्याप्त नमी हो और जलभराव से बचें। उन्होंने कहा कि समय पर बोआई और उचित फसल प्रबंधन से किसान कम लागत में बेहतर उत्पादन पा सकते हैं। संवाद