फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

युवक की गोली मारकर हत्या

Mon, 17 Aug 2015 12:47 AM IST
झांसी / ब्यूरो
विज्ञापन
विज्ञापन
पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस के पीछे चतुर्थ श्रेणी क्वार्टर में रविवार को दोपहर में युवक की गोली मार कर हत्या कर दी गई। युवक बबीना के इंडियन पब्लिक स्कूल में 11वीं का छात्र था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके से सबूत एकत्र किए।
विज्ञापन

आफीसर्स कालोनी के पास चतुर्थ श्रेणी कर्मियों के सरकारी क्वार्टर बने हुए हैं। एक क्वार्टर में पीडब्ल्यूडी के मेट परशुराम रहते हैं। शनिवार को परशुराम, पत्नी, दो बेटी और बेटे सिद्धार्थ (18) को लेकर अपने साले  मेवालाल उर्फ बन्ने निवासी बीएसएनएल कालोनी के पास ललितपुर रोड की त्रियोदशी संस्कार में शामिल होने गए थे। परशुराम ने बताया कि दोपहर करीब 12 बजे सिद्धार्थ के मोबाइल पर फोन आया। इसके बाद सिद्धार्थ घर जाने की कहकर मामा के यहां से चला आया। अपराह्न करीब तीन बजे वह, पत्नी और बेटी के साथ लौटकर घर आए तो दरवाजा अंदर से बंद था। काफी तेज आवाज में टीवी चल रहा था। उन्होंने दरवाजा खटखटाते हुए सिद्धार्थ को आवाज लगाई, मगर अंदर से कोई प्रति उत्तर नहीं मिला। अनहोनी की आशंका होने पर उन्होंने दरवाजे को टेढ़ा कर बनी दरार में डंडी डालकर कुंडी खोली।
अंदर कमरे में पलंग पर सिद्धार्थ का लहूलुहान शव पड़ा था। उसकी सीने में गोली मारी गई थी। यह देख परिवार के सदस्यों की चीख निकल गई। आवाज सुनकर आसपास के घरों से लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। सूचना पाकर पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। कुछ ही देर में सीओ सिटी कल्याण सिंह थाना नवाबाद, सीपरी बाजार की फोर्स व फोरेंसिक एक्सपर्ट की टीम को लेकर मौके पर पहुंच गए। मौका मुआयना करने के बाद पुलिस ने कई लोगों से पूछताछ कर घटनास्थल से सबूत एकत्रित किए। बाद में परशुराम ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ हत्या की तहरीर थाने में दी।
विज्ञापन


फटी फोटो का हिस्सा तलाश रही पुलिस
निरीक्षण के दौरान पुलिस के हाथ एक फोटो लगी है, जो फटी थी। बरामद हिस्से में मृतक का ही फोटा था, जबकि फटा हिस्सा नहीं मिला। इससे पुलिस को हत्या के पीछे कुछ और कहानी नजर आ रही है। थाना पुलिस का कहना है कि पता लगाया जा रहा है कि गायब फटी फोटो किसकी थी। जब तक यह स्पष्ट नहीं होगा तब तक कुछ भी नहीं कहा जा सकता है।
 
अंदर से धमाके की आवाज सुनकर भागे किशोर
माता-पिता के पहुंचने से करीब एक घंटे पूर्व दो किशोर सिद्धार्थ से मिलने घर गए थे, जिन्हें पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया कि दोनों किशोर ने बताया है कि वह सिद्धार्थ को मोबाइल फोन देने घर गए थे। जब वह घर पहुंचे तो अंदर काफी तेज टीवी चलने की आवाज आ रही थी। उन्होंने दरवाजा खटखटाया और सिद्धार्थ को आवाज लगाई, मगर कोई जवाब नहीं मिला। इस बीच उन्हें अंदर से तेज धमाके की आवाज सुनाई दी, जिस पर वह मौके से भाग गए।

हत्या में कई पेच नजर आ रहे हैं पुलिस को
हत्या के मामले की जांच पुलिस ने कई बिंदुओं पर शुरू कर दी है। यही वजह है कि पुलिस ने अंदर से बंद दरवाजे को खोलने का कई बार रिहर्सल किया। जिस तरह से पलंग पर शव और पास में आधा फटा फोटो मिला, उसने कई पेच फंसा दिए हैं। पुलिस मान रही है कि पहले सिद्धार्थ का तकिया से मुंह दबाया फिर सीने में गोली मारी गई है। प्रेम प्रसंग में हत्या की बात से भी पुलिस इनकार नहीं कर रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें