झांसी। नवाबाद थानांतर्गत दांडी चौराहा के नजदीक बाइक सवार बदमाशों ने तमंचे के बल पर एक महिला से पर्स लूट लिया, जिसमें करीब 2500 रुपये और मोबाइल फोन था। पुलिस ने मोबाइल फोन के आधार पर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।
मऊरानीपुर के मोहल्ला गांधी गंज निवासी गोमती पत्नी पंकज शुक्रवार की रात इलाहाबाद पैसेंजर से झांसी रेलवे स्टेशन उतरीं, जहां से पैदल चित्रा चौराहा की ओर जाने लगीं। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि स्टेशन के पास उसे महसूस हुआ कि बाइक सवार युवक उसका पीछा कर रहे हैं, जिस पर वह चकमा देकर दांडी चौराहा की तरफ पहुंच गई। वह तेज कदमों से आगे बढ़ रही थी, तभी पीछे से बाइक पर सवार दो बदमाश आए। उन्होंने बाइक को तिरछा लगाकर रोक लिया।
जब तक वह कुछ समझ पाती तब तक एक बदमाश ने तमंचा निकाल लिया और दूसरे ने पर्स लूट लिया। जिसमें नकदी और मोबाइल फोन था। वारदात को अंजाम देकर बदमाशों के भाग जाने के बाद पीड़िता ने शोर मचाया, जिस पर वहां काफी संख्या में भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर नवाबाद व सीपरी बाजार थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने बदमाशों की घेराबंदी करके तलाश की मगर कोई सुराग नहीं मिला। वहीं, पुलिस ने महिला के लूटे गए मोबाइल फोन को सर्विलांस पर लगाकर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।