कटेरा (झांसी)। थाना कटेरा क्षेत्र के ग्राम लारौन निवासी एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी के दूसरे से संबंध होने के शक में उस पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ प्रहार कर हत्या कर दी। हत्या के बाद उसने थाने पहुंच कर खुद को पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस का कहना है कि आरोपी नशेड़ी है, मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
ग्राम लारौन में रहने वाला धनीराम आदिवासी मजदूरी करता है। शुक्रवार दोपहर एक बजे वह अपनी पत्नी कुसुमा के साथ खेत पर बने मकान में था। वहां दोनों ईंट बनाने का काम कर रहे थे। इसी दौरान धनीराम ने अपनी पत्नी पर पड़ोसी से अवैध संबंध होने का आरोप लगाया। पत्नी ने कसम खाते हुए आरोप का खंडन किया। इसी बात पर दोनों में बहस होने लगी। देखते ही देखते विवाद इतना बड़ा कि धनीराम कुल्हाड़ी उठा लाया और कुसुमा की गर्दन व सीने पर ताबड़तोड़ प्रहार कर दिए। कुल्हाड़ी के वार से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना को देख मृतका के पुत्र रमेश ने सूचना कटेरा थाना पुलिस को दी, लेकिन पुलिस के आने के पूर्व ही आरोपी धनीराम थाने पहुंच गया और घटना स्वीकार की। इधर, मौके पर पहुंचे सीओ मऊरानीपुर सुबोध गौतम व एसओ गंगासागर ने कुल्हाड़ी बरामद की तथा मृतका के पुत्र रमेश की तहरीर पर मामला दर्ज कर लिया।
शादीशुदा जीवन का दु:खद अंत
कुसुमा का मायका टीकमगढ़ के अनगढ़ा सौर ग्राम में है। उसका विवाह बीस वर्ष पूर्व धनीराम से हुआ था। उसके दो पुत्र व दो पुत्रियां हैं। बड़े पुत्र रमेश का विवाह भी हो चुका है और उसके भी दो बच्चे हैं। कुसुमा और धनीराम के बीस साल के शादीशुदा जीवन का अंत शक के कारण काफी दु:खद हुआ।
कोई पछतावा नहीं
पत्नी की हत्या कर कटेरा थाने पहुंचा धनीराम अपने किए पर शर्मिंदा नहीं है। उसने पुलिस को खुल कर हत्या का कारण बताया और बार-बार अपने कदम को सही ठहरा रहा था। उसके चेहरे पर पश्चाताप का भाव नहीं था।