ललितपुर मार्ग पर अलग-अलग स्थानों पर हुई सड़क दुर्घटनाओं में दो लोगों की मौत हो गई। इनमें एक मृतक बिजौली में निर्माणाधीन घर के कार्य को देखकर लौट रहा था तो दूसरा पत्नी के साथ बबीना हाट बाजार में खरीदारी करने जा रहा था।
तालबेहट थाना क्षेत्र के ग्राम कोटरा निवासी बाल किशुन पांडे (45) पंडिताई का काम करते थे। वह प्रेमनगर थाना क्षेत्र के बिजौली में घर बनवा रहे थे, ताकि झांसी के नजदीक रहकर वह अपने बेटे को यहां पढ़ा सकें। रविवार की शाम वह झांसी से अपने गांव जा रहे थे, तभी तालबेहट के निकट झरर घाट के पास अज्ञात वाहन चालक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। राहगीरों ने पुलिस को हादसे की सूचना दी। पुलिस ने उन्हें तालबेहट के एक अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से उन्हें ललितपुर के लिए रेफर कर दिया गया। इस बीच सूचना मिलने पर परिजन भी मौके पर पहुंच गए। ललितपुर अस्पताल में चिकित्सकों ने जब उनकी हालत बिगड़ती देखी तो उन्हें झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। रात दस बजे उन्हें मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, मगर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
इधर, सोमवार को दोपहर में दतिया जनपद के बसई थाना क्षेत्र के ग्राम लखनपुरा निवासी महीलाल (55) पत्नी पुक्खन के साथ बाइक से बबीना में लगने वाले हाट बाजार में खरीदारी करने जा रहे थे। बबीना के निकट सामने से आ रहे बाइक सवार ने दंपति को टक्कर मार दी। हादसे में दंपति व दूसरे वाहन पर सवार बबीना थाना क्षेत्र के ग्राम बगौरा निवासी दोनों युवक घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। इलाज के दौरान महीलाल ने दम तोड़ दिया। वहीं, युवकों के परिजन उन्हें उपचार के लिए प्राइवेट अस्पताल ले गए।