झांसी। जमीन के बंटवारे को लेकर चल रहे विवाद में शनिवार की रात लहचूरा के ग्राम धायपुरा में ग्यादीन की चाकू से गोदकर हत्या की गई थी। एसपी देहात ने सोमवार को खुलासा करते हुए बताया कि दोनों हत्यारोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
रामरती पत्नी स्व. चतुर्भुज श्रीवास निवासी धायपुरा लहचूरा ने पुलिस को बताया शनिवार की रात को ससुर ग्यादीन (60) घर के बाहर चारपाई पर सो रहे थे। वह घर के अंदर गैलरी में सो रही थी। रात करीब एक बजे रिश्ते का देवर रघुवीर पुत्र बाबूलाल निवासी धायपुरा और उसका मामा रामचरन पुत्र मिच्चा निवासी चिरवाई थाना अलीपुरा जिला छतरपुर आए।
दोनों ने चाकुओं से ससुर पर ताबड़तोड़ प्रहार किए। ससुर के चिल्लाने पर जब वह उठकर बाहर भागी तो देखा रघुवीर व रामचरन खड़े हुए हैं। उसे देखकर दोनों हमलावर भाग निकले। जब तक उन्हें अस्पताल ले जाते तब तक उनकी मौत हो गई। उसने बताया कि उसके ससुर के पास 10 बीघा जमीन है, जिसको लेकर विवाद चल रहा है और मुकदमा भी विचाराधीन है। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने मौके से हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद कर लिया।
एसपी देहात दिनेश सिंह ने बताया कि रविवार को थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्यादीन की हत्या करने के आरोपी मऊरानीपुर से हरपालपुर जाने वाले रोड स्थित भंडरा तिराहा पर खड़े हैं। इस पर पुलिस ने घेराबंदी करके दोनों को गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने पूछताछ में खुलासा किया कि जमीन के बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा है, जिसको लेकर उन्होंने हत्या की।