झांसी। ग्वालियर हाइवे पर अंबावाय के पास बुधवार की दोपहर एक बेकाबू ट्रक ने बाइक सवार दो लोगों को कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक धू-धू कर जलने लगी। सूचना मिलने पर सीपरी बाजार पुलिस मौके पर पहुंची। लोगों की मदद से आग बुझाई गई और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है जबकि चालक भाग निकला।
दोपहर करीब साढ़े तीन बजे आलू से लदा ट्रक संख्या आरजे11जीए- 0619 ग्वालियर की ओरसे तेज रफ्तार में झांसी आ रहा था। दतिया के चिरुला थानांतर्गत ग्राम नरेटा से छोटेलाल परिहार (50 वर्ष) पुत्र हरीओम परिहार निवासी नरेटा और सुखनंदन (26 वर्ष) पुत्र प्रीतम सिंह निवासी करारी बाइक से अंबावाय की तरफ जा रहे थे। विपरीत दिशा से तेजी से आ रहे ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। इससे बाइक सवार छिटक कर दूर सड़क पर गिरे।
जब तक वह बचने का प्रयास करते तब तक बेकाबू ट्रक ने कुचल डाला जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। शव को कब्जे में लेकर वहां मौजूद लोगों की मदद से शिनाख्त की। इसके बाद पुलिस ने दोनों के परिजनों को हादसे की सूचना दी। वहीं, पुलिस ने घेराबंदी करके कुछ दूरी पर ट्रक को पकड़ लिया, जबकि मौका पाकर चालक भाग निकला।