police constable in abuse girl
- फोटो : demo pic
रानीपुर (झांसी)। एक सिपाही ने दुस्साहस की हद पार करते हुए बीच बाजार से एक किशोरी को अगवा करने का प्रयास किया। वह किशोरी को घसीट कर अपने कमरे में ले जा रहा था, तभी संयोग से वहां किशोरी का भाई पहुंच गया। इस पर सिपाही किशोरी को छोड़कर भाग गया।
इस घटना से गुस्साए व्यापारियों ने जमकर हंगामा किया। उन्होंने पुलिस चौकी घेर कर सिपाही के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इस दौरान जमकर नारेबाजी की गई।
बुधवार शाम करीब 6.30 बजे कसबा निवासी एक व्यापारी की नाबालिग पुत्री पुलिस चौकी के पास स्थित दुकान से सामान खरीदने गई थी। अचानक बिजली चली गई, जिससे अंधेरा हो गया। अंधेरे का फायदा उठाते हुए चौकी के पास मौजूद एक पुलिस कांस्टेबल ने किशोरी के साथ छेड़छाड़ कर दी तथा उसे घसीट कर चौकी के पास ही स्थित अपने सरकारी कमरे में ले जाने लगा। इस दौरान किशोरी का चचेरा भाई मौके पर पहुंच गया।
उसे देखकर आरोपी सिपाही भाग खड़ा हुआ। उधर, पुत्री के काफी देर तक दुकान से न लौटने पर उसके माता-पिता भी तलाशते हुए मौके पर पहुंच गए। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों समेत कसबा के लोगों में आक्रोश फैल गया।
व्यापारियों व अन्य नागरिकों ने पुलिस चौकी को घेर कर पुलिस प्रशासन मुर्दाबाद के नारे लगाने शुरू कर दिए। देर रात तक प्रदर्शनकारी मौके पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को बुलाने की मांग पर अड़े रहे। हंगामे की जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंचे कोतवाल मऊरानीपुर ने व्यापारियों को समझा-बुझाकर कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि शुक्रवार तक आरोपी को गिरफ्तार करके उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उनके आश्वासन पर व्यापारी शांत हुए। पीड़िता के परिजनों ने पुलिस को तहरीर सौंप दी है। व्यापारियों ने चेतावनी दी है कि यदि बृहस्पतिवार तक आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होती है तो वह बाजार बंद करके धरना देंगे।