ओरछा स्थित एक होटल में चलने वाले सेक्स रैकेट का खुलासा होने के बाद पुलिस अधीक्षक टीकमगढ़ निमिष अग्रवाल ने लापरवाही के आरोप में चौकी प्रभारी समेत तीन पुलिस कर्मियों को निलंबित कर दिया है। वहीं पकड़ी गईं युवतियों व युवकों को जेल भेज दिया गया है। रैकेट के मास्टर माइंड पवन राय को पुलिस ने दो दिन की रिमांड पर लिया है।
सोमवार को होटल लक्ष्मी टैंपल ब्यू से पकड़े गए आरोपी शैलेष राय (19 वर्ष) निवासी सिमराहा झांसी, पुनीत राय (18 वर्ष) निवासी बबीना, शिवा राय (17 वर्ष) निवासी सिमराहा झांसी को निवाड़ी उप जेल भेजा गया है। वहीं दिल्ली निवासी दोनों युवतियों को टीकमगढ़ जेल भेजा गया।
इस मामले में एसपी ने पर्यटक पुलिस चौकी प्रभारी देवड़ा, आरक्षक करन सिंह व इकबाल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। उधर, मौके से फरार आरोपी भरत सेन व रग्घू पटैरिया निवासी ओरछा की तलाश में पुलिस टीम ने कई स्थानों पर दबिश दी, मगर अब तक उन्हें गिरफ्तार नहीं किया जा सका है।