झांसी। व्यापारी नेता राजीव राय के आरोपों पर सोमवार को एसएसपी जे के शुक्ला ने सफाई देते हुए कहा कि पुलिस ने व्यापारी नेता के घर का ताला नहीं तोड़ा और न ही तोड़फोड़ की। व्यापारी नेता के पास इसके सीसी टीवी फुटेज हैं, तो वह उपलब्ध कराएं।
एसएसपी ने कहा कि सटोरिये प्रेम खटीक के सहयोगी को पकड़ने के लिए पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर गई थी, जिसमें कोतवाली, स्वॉट टीम समेत कई थानों की फोर्स शामिल थी। टीम के साथ एक विशेष अधिकारी भी थे। अगर, व्यापारी नेता कह रहे हैं कि सीसीटीवी फुटेज में पुलिस की वर्दी में लोग सामान ले जाते दिखाई दे रहे हैं, तो वह वीडियो फुटेज मीडिया को क्यों नहीं दे रहे हैं?
उल्लेखनीय है कि व्यापारी नेता राजीव राय ने आरोप लगाया था कि रविवार की रात पुलिस उनके छनियापुरा स्थित आवास पर पहुंची। वह परिवार के साथ केरल गए हुए हैं। घर पर उस समय कोई नहीं था। नौकर खाना खाने गया हुआ था। पुलिस ताला तोड़कर घर के अंदर दाखिल हुई और तोड़फोड़ की। साथ ही उन्होंने पुलिस पर घर पर रखा कीमती सामान ले जाने का भी आरोप लगाया था। व्यापारी नेता ने बताया था कि पुलिस की इस कार्रवाई के सीसी टीवी फुटेज उनके पास मौजूद हैं। इसकी सूचना उन्होंने पुलिस कंट्रोल रूम को दी थी। व्यापारी नेता ने बताया कि वह चौदह मई को झांसी लौटने पर पुलिस को सीसी टीवी फुटेज व लिखित शिकायत उपलब्ध कराएंगे।