थाना सीपरी बाजार के ग्राम पाड़री में विवाद के बाद खंडा पटककर राजकुमारी (72) की हत्या कर दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने खून से सना पत्थर बरामद कर लिया है। पुलिस ने सात लोगोें के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस ने आरोपियों को पकड़ने के लिए तलाश शुरू कर दी है।
पाड़री गांव में रहने वाले भगवानदास की मां राजकुमारी कमरे में सो रहीं थीं। इसी बीच गांव के कुछ लोगों ने आकर मारपीट के बाद सिर पर पत्थर पटककर हत्या कर दी। सुबह भगवानदास खेत से घर लौटे तो मां को खून से लथपथ हालत में देखा, लेकिन जब तक उनकी मौत हो चुकी थी। सूचना प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार वर्मा ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मौके से खून से सना पत्थर भी बरामद किया।
मृतका के पुत्र भगवानदास के अनुसार एक नवंबर को खेत पर रास्ते को लेकर गांव के कुछ लोगों से विवाद हो गया था। उनका आरोप है कि शनिवार की रात सभी लोगों ने आकर मां के साथ मारपीट कर मौत के घाट उतार दिया। पुलिस ने गांव के ही मनीराम कुशवाहा, कल्लू, दयाराम, कमल, सुनील, गोलू, कमलेश के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों को पकड़ने के लिए दबिश देना शुरू कर दी है।