फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दुकानदार को बंधक बनाकर पीटा

Wed, 13 Apr 2016 01:50 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन
fight - फोटो : amar ujala
विज्ञापन
झांसी। कोतवाली थानांतर्गत चौधरियाना बड़ा बाजार में मंगलवार की सुबह आरोपियों ने एक दुकानदार को बंधक बनाकर बेरहमी से पीटा। पीटते हुए कागज पर स्वेच्छा से दुकान खाली करने की बात लिखवाई और दुकान पर ताला डाल दिया। सूचना पर पुलिस पहुंची मगर तब तक आरोपी भाग गए। पुलिस ने पीड़ित का मेडिकल परीक्षण कराया है।दुकान में करीब चार लाख रुपये का माल बताया जा रहा है।
विज्ञापन


सदर बाजार थानांतर्गत लाल कुर्ती निवासी महेश गुप्ता पुत्र शिव चरन गुप्ता के पास चौधरियाना बड़ा बाजार में करीब छह दशक पुरानी किराए पर दुकान है। वह महेश रेडीमेड स्टोर नाम से कपड़ों की दुकान चलाते हैं।

मंगलवार की सुबह करीब साढ़े आठ बजे वह दुकान पहुंचे। वहां गैलरी में पहले से मौजूद आरोपियों ने उन्हें पकड़ लिया। जब तक वह कुछ समझ पाते तब तक गैलरी का शटर गिराकर जमकर पीटना शुरू कर दिया। इसके बाद आरोपी एक लॉज में खींचकर ले गए, जहां एक कमरे में बंद करके लात-घूंसों व डंडों से पीटा और दुकान खाली करने के लिए कहा। इसके बाद डंडों से पीटते हुए एक खाली कागज पर लिखवाया कि वह स्वेच्छा से दुकान खाली कर रहा है।
विज्ञापन


पीड़ित ने कागज पर दुकान खाली करने की बात लिख दी तो आरोपियों ने दुकान पर अपना ताला जड़ दिया। करीब 10 बजे चंगुल से छूटने के बाद घायल दुकानदार थाना कोतवाली पहुंचा और मामले की जानकारी दी। दुकानदार की हालत को देखकर पुलिस ने उसका तुरंत मेडिकल परीक्षण कराया। जब तक पुलिस घटनास्थल पर पहुंची तब तक आरोपी भाग निकले।
घायल दुकानदार ने बताया कि आरोपियों ने उससे चेकबुक, पासबुक व 1800 रुपये लूट लिए। दुकान के अंदर करीब चार लाख रुपये का सामान भरा है। दुकानदार ने पूरे मामले की पुलिस से लिखित शिकायत की है। कोतवाली प्रभारी जेपी यादव ने बताया कि दोनों के बीच कोर्ट में मामला चल रहा है। पीड़ित पक्ष का मेडिकल करवा दिया है, शिकायती पत्र आने पर रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें