एक युवक पानीपत से नाबालिग लड़की को भगाकर झांसी लाया और प्लेटफार्म पर छोड़कर भागने लगा। सूचना पर आरपीएफ ने युवक को पकड़ लिया। थाने लाकर पूछताछ की गई। रविवार को पानीपत पुलिस आकर दोनों को साथ ले गई।
बुलंदशहर में रहने वाला एक व्यक्ति अपने परिवार के साथ पानीपत में मजदूरी करता है। उसकी लड़की को प्रेम जाल में फंसाकर दो दिन पहले बिहार के थाना मेहतार अंतर्गत पूर्णिया गांव में रहने वाला वकर अपने साथ भगा ले गया था। वह उसे पानीपत से झांसी लेकर आ गया। शुक्रवार की रात दोनों स्टेशन आकर प्लेटफार्म नंबर छह पर बैठ गए।
युवक कुछ देर में आने की कहकर चला गया, लेकिन लौटकर नहीं आया। इससे परेशान लड़की रोने लगी। ड्यूटी पर तैनात आरपीएफ के एसआई अमित यादव ने देखा तो लड़की ने पूरा हाल बताया। मोबाइल से फोटो देखकर युवक की तलाश की गई। वह दिल्ली भागने की फिराक में प्लेटफार्म नंबर चार पर खड़ा था, पुलिस ने युवक को दबोच लिया। थाने में की गई पूछताछ में पानीपत पुलिस को सूचना दी गई, जहां से पता चला कि लड़की को भगाने के मामले में रिपोर्ट दर्ज है। रविवार को पानीपत पुलिस झांसी आकर दोनों को साथ ले गई।