झांसी। दीक्षित बाग में लाखों रुपये के जेवर व नकदी से भरा बैग लूटने के मामले में कोतवाली पुलिस के हाथ चार दिन गुजरने के बाद भी खाली हैं।
पुलिस हवा में तीर चलाते हुए कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर चुकी है। अब पुलिस झांसी के साथ-साथ ललितपुर के लुटेरों के बारे में भी जानकारी एकत्र कर रही है। साइबर सैल की टीम भी वारदात के समय स्थानीय मोबाइल टावर के संपर्क में आए मोबाइल नंबरों को निकालकर जानकारी इकट्ठा कर रही है।
उल्लेखनीय है कि मंगलवार को दीक्षित बाग निवासी सर्राफ विवेक अग्रवाल ने अपनी दुकान पर काम करने वाले जितेंद्र कुशवाहा और रवि प्रजापति को लाखों रुपये के जेवर लेकर ललितपुर सप्लाई के लिए भेजा था। दोनों ललितपुर कार से गए थे। रात को वह कार से लौटकर आए और गैराज में खड़ी कर दी।
चालक अजय पैदल था जबकि जितेंद्र व रवि बाइक से जेवरात व नकदी का थैला लेकर सर्राफ के घर जा रहे थे। रास्ते में बदमाशों ने उन्हें लूट लिया था। इस मामले का खुलासा करने के लिए कोतवाली के अलावा पुलिस की तीन अन्य टीमें भी लगी हुई हैं।