वेस्ट यूपी में आतंक पर्याय रहे कुख्यात मुकीम काला और उसके साथी सादर को शनिवार को जिले के मिर्जापुर क्षेत्र में डकैती और एक अन्य मामले में कड़ी सुरक्षा के बीच कोर्ट में पेश किया गया। मुकीम को अगली पेशी के लिए चार जनवरी की तारीख दी गई।
मुकीम पर मिर्जापुर के अलावा अन्य थानों में भी लूट, हत्या, रंगदारी, डकैती जैसे मामले दर्ज हैं। जनपद शामली से पुलिस कड़ी सुरक्षा में मुकीम काला को लेकर शनिवार सुबह दस बजे सहारनपुर लेकर पहुंची। पहले सदर हवालात में काला को रखा गया और दोपहर एसीजेएम रजनीश कुमार की कोर्ट में पेश किया गया।
बहस के बाद एसीजेएम ने दोनों को जेल भेज दिया। सीओ द्वितीय अमित नागर की नेतृत्व में कोतवाली सदर बाजार, जनकपुरी पुलिस और थाना कुतुबशेर पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए।
काली जैकेट, नीली जींस में मुकीम को देखते रहे
कोर्ट परिसर में जिस समय मुकीम काला काले रंग की जैकेट और नीले रंग की जींस में पुलिस वैन से उतरा तो यहां मौजूद अधिवक्ताओं से लेकर अन्य लोग उसे काफी देर तक देखते रहे। अदालत में पेश होने के लिए जाने से पहले मुकीम ने अपने साथी सादर के साथ काफी देर तक बातचीत की।
पहले से स्लिम हो गया है मुकीम ः मुकीम को देखने के बाद कई लोगों ने कहा कि गिरफ्तारी के समय जब काला को देखा था तो वह काफी मोटा नजर आया था। जेल जाने के बाद वह काफी स्लिम हो गया है।